
उत्तर प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों के लिए दिवाली से पहले बड़ी खुशखबरी आई है. दरअसल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए सभी सरकारी कर्मचारियों को बोनस देने का फैसला ले लिया है. वहीं इस बोनस की कुल राशि लगभग 1,022 करोड़ रुपये होगी. इससे हर कर्मचारी को कम से कम 6,908 रुपये मिलेंगे. यह फैसला कर्मचारियों के परिश्रम और निष्ठा को सम्मान देने के लिए लिया गया है.
सीएम के निर्देश पर वित्त विभाग ने जारी किया आदेश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि यह निर्णय कर्मचारियों के प्रति सरकार की सराहना और सम्मान का प्रतीक है. प्रदेश सरकार हर स्तर पर कर्मचारियों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है. वहीं सीएम के निर्देश पर वित्त विभाग ने आदेश जारी कर दिया है. सरकार द्वारा जारी किए गए आदेश के मुताबिक कर्मचारियों को मासिक परिलब्धियों की अधिकतम सीमा 7,000 रुपये के आधार पर 30 दिनों का बोनस दिया जाएगा. इस हिसाब से प्रत्येक पात्र कर्मचारी को 6,908 रुपये दिए जाएंगे.
14 लाख 82 हजार कर्मचारी होंगे लाभान्वित
इस आदेश से वित्त विभाग की रिपोर्ट के अनुसार लगभग 14 लाख 82 हजार कर्मचारी लाभान्वित होंगे. जबकि राज्य सरकार पर इस बोनस का खर्च करीब 1,022 करोड़ रुपये आएगा. बोनस पाने वाले कर्मचारियों में पूर्णकालिक अराजपत्रित कर्मचारी भी शामिल हैं, जिनका पद वेतन मैट्रिक्स लेवल-8 (₹47,600- ₹1,51,100) तक है. इसके अलावा राज्य निधि से सहायता प्राप्त शिक्षण एवं प्राविधिक संस्थाओं के कर्मचारी, स्थानीय निकाय और जिला पंचायतों के कर्मचारी, राजकीय विभागों के कार्यप्रभारित और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी भी इस बोनस के हकदार होंगे.
बोनस कर्मचारियों के लिए खुशी और उत्साह का कारण- सीएम
सीएम योगी ने कहा कि दिवाली से पहले यह बोनस कर्मचारियों के लिए खुशी और उत्साह का कारण बनेगा. यह राशि उनके परिवारों में भी उत्सव की भावना बढ़ाएगी. इससे पहले केंद्र सरकार ने भी केंद्रीय कर्मचारियों के लिए वित्तीय वर्ष 2024-25 का बोनस देने की घोषणा कर दी थी. केंद्र सरकार ने इसके लिए 29 सितंबर 2025 को आदेश जारी किया था.