UP Crime News: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के लालपट्टी नया पुरवा गांव में एक महिला और उसके दो साल के बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला के मायके पक्ष ने पति पर दोनों की गला दबाकर हत्या करने और घटना को आत्महत्या दिखाने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पति को हिरासत में लिया गया है।
घर में सो रहे थे परिवार के सदस्य
जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी सुरेश कुमार पटेल की शादी करीब 10 साल पहले मानिकपुर क्षेत्र के अंतू मऊ निवासी शिवचरण की बेटी नीता (30) से हुई थी। शनिवार रात परिवार के सभी सदस्यों ने साथ खाना खाया और फिर अपने-अपने कमरों में सोने चले गए। आरोप है कि देर रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद नीता और उनके दो वर्षीय बेटे यीशु की मौत हो गई।
मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप
रविवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर मृतका के मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने शवों पर निशान देखने के बाद पति पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया। परिजनों का यह भी आरोप है कि घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई। इन आरोपों की पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
यह भी देखेंःkolkata stampede: मृतकों की संख्या बढ़कर हुई 19, CM ने 2.5 लाख रुपये मुआवजे का किया ऐलान
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर, क्षेत्राधिकारी और संग्रामगढ़ थानाध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू की।
आरोपी हिरासत में, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
एसपी दीपक भूकर के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में घरेलू विवाद के बाद हत्या की बात सामने आई है। आरोपी सुरेश पटेल को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मृतका के परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मौत के वास्तविक कारणों और घटनाक्रम की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के बाद होगी।