UP Crime News: उत्तर प्रदेश के हरदोई में रविवार सुबह एक साधु की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि दूसरे साधु ने सोते समय कुल्हाड़ी और ईंट से हमला कर उसकी जान ले ली। घटना के बाद आरोपी मौके से भागने के बजाय वहीं बैठा रहा। सुबह एक दुकानदार ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर संदिग्ध आरोपी मुन्नी उर्फ मुंशीलाल को हिरासत में लिया है। हत्या की वजह का अभी पता नहीं चल सका है।
दुकानों के बरामदे में ठहरा था साधु
मृतक की पहचान 32 वर्षीय बबलू के रूप में हुई है, जो जियानखेड़ा गांव का रहने वाला था। जानकारी के मुताबिक, उसने करीब चार साल पहले लखनऊ के बुद्धेश्वर मंदिर से दीक्षा ली थी और साधु के रूप में रहता था। शुक्रवार रात लखनऊ से लौटने के बाद वह बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र में अतरौली-कोथावां मार्ग पर स्थित दुकानों के बरामदे में ठहरा हुआ था। ये दुकानें उसके घर से करीब तीन किलोमीटर दूर बताई गई हैं।
कहासुनी के बाद हमले का आरोप
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी मुन्नी उर्फ मुंशीलाल एक गांव के मंदिर की देखरेख करता था। शनिवार रात मंदिर की महिला पुजारी से विवाद के बाद ग्रामीणों ने उसे गांव से बाहर कर दिया था। इसके बाद वह दुकानों के बरामदे में बबलू के पास पहुंचा। आरोप है कि रविवार तड़के दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो बाद में हिंसक हो गया। पुलिस इस घटनाक्रम और हत्या के पीछे की वजह की जांच कर रही है।
यह भी देखेंःAkhilesh Yadav Reply to CM Yogi: अखिलेश यादव का CM योगी को जवाब, बोले- पहले अपनी टिकट पक्की कराकर आएं
घटनास्थल से मिले कई सामान
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से एक कुल्हाड़ी, देसी शराब का पौव्वा, टूटा हुआ गिलास और कमंडल का ढक्कन मिलने की जानकारी दी गई है। पुलिस इन वस्तुओं सहित अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है, ताकि घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा सके। आरोपी से भी पूछताछ की जा रही है।
परिवार में शोक, हत्या की वजह अब भी साफ नहीं
बबलू चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था। जानकारी के मुताबिक, उसके दो भाइयों की बीमारी से मौत हो चुकी थी, जबकि उसकी बहन लुधियाना में रहती है। बेटे की मौत की खबर मिलने के बाद उसकी मां शिव देवी का बुरा हाल है। बबलू अविवाहित था। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जानकारी में दोनों के बीच विवाद की बात सामने आई है, लेकिन हत्या की असल वजह अभी स्पष्ट नहीं है। सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।