जनपद बुलंदशहर के थाना चोला क्षेत्र के गांव कादलपुर में एक बेहद गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है। आरोप है कि अस्पताल में भर्ती एक बीमार मरीज को जबरस्ती सब-रजिस्ट्रार दफ्तर ले जाकर जबरन बैनामा कराया गया। परिजनों का कहना है कि मरीज काफी दिनों से बीमार था और उसकी तबीयत लगातार खराब चल रही थी, इसके बावजूद कुछ लोगों ने दबाव बनाकर उससे जमीन का बैनामा करा लिया।
मृतक का शव कलक्ट्रेट गेट पर रखकर दिया धरना
इसी बीच आज इलाज के दौरान उस मरीज की मौत हो गई, जिसके बाद मामला और तनावपूर्ण हो गया। मरीज की मौत की खबर मिलते ही परिजन गुस्से में आ गए। उन्होंने मृतक का शव कलक्ट्रेट गेट पर रखकर धरना शुरू कर दिया।
प्रशासनिक परिसर में हड़कंप मच गया
गुरुवार को कलेक्ट्रेट गेट पर एकाएक हंगामा मच गया। दरअसल अचानक डेड बॉडी कलक्ट्रेट गेट पर रखे जाने से पूरे प्रशासनिक परिसर में हड़कंप मच गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि मरीज की कमजोर हालत का फायदा उठाते हुए उससे धोखे में जमीन का बैनामा कराया गया। पीड़ित परिवार ने डीएम और एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
सिटी मजिस्ट्रेट मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत की
सूचना मिलते ही सिटी मजिस्ट्रेट मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत की। उन्होंने परिवार को निष्पक्ष कार्रवाई और जांच का भरोसा दिया, जिसके बाद माहौल कुछ शांत हुआ। पुलिस ने भी शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना पुलिस के मुताबिक, जमीन के बदले आरटीजीएस और चेक के माध्यम से पैसा दिया गया है, लेकिन पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यदि बैनामा जबरन या धोखे से कराया गया पाया गया, तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मृतक के भाई कृष्ण कुमार ने बताया कि आरोपी दबंग लोग है। मेरा भाई काफी बीमार था।चिकित्सकों ने उन्हें बेड पर ही रहने को कहा था। इसके बाद भी उन लोगो ने जबरन उठाकर ले गए और बैनामा करवा लिया।