उत्तर प्रदेश सरकार ने युवाओं के लिए एक ऐसी योजना शुरू की है, जो कम पढ़े-लिखे लेकिन मेहनती लोगों के सपनों को पंख दे सकती है। अगर आप सिर्फ 8वीं पास हैं और खुद का काम शुरू करना चाहते हैं, तो सरकार आपको 5 लाख रुपये तक का लोन दे रही है। खास बात यह है कि इस लोन पर न तो कोई ब्याज देना होगा और न ही किसी तरह की गारंटी रखनी पड़ेगी। सरकार का मकसद है कि हर साल करीब एक लाख युवाओं को आत्मनिर्भर बनाकर उन्हें रोजगार देने वाला उद्यमी तैयार किया जाए।
क्या है MYUVA योजना
इस योजना का नाम है मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान यानी MYUVA। उत्तर प्रदेश सरकार ने इसे खास तौर पर युवाओं को बिजनेस शुरू करने या पहले से चल रहे छोटे काम को बढ़ाने के लिए लॉन्च किया है। इस स्कीम के तहत अधिकतम 5 लाख रुपये तक का लोन दिया जाता है। सबसे बड़ी राहत यह है कि लोन पूरी तरह ब्याज मुक्त है। यानी जितना पैसा मिलेगा, उतना ही वापस करना होगा। इसके साथ ही किसी बैंक गारंटी या जमानत की जरूरत नहीं होती, जिससे छोटे स्तर पर कारोबार शुरू करना आसान हो जाता है।
ये भी पढ़ें : हर सर्दी दम घोंटती हवा, जेब पर भारी प्रदूषण, क्या China का मॉडल ही उत्तर भारत को राहत दिला पाएगा?
कौन ले सकता है लाभ
MYUVA योजना का लाभ लेने के लिए कुछ शर्तें तय की गई हैं। आवेदक की उम्र 21 से 40 साल के बीच होनी चाहिए। न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 8वीं पास होना जरूरी है। इसके साथ ही किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से स्किल ट्रेनिंग या कौशल प्रशिक्षण का प्रमाण पत्र होना अनिवार्य है। आवेदक उत्तर प्रदेश का निवासी होना चाहिए। अगर पहले किसी बैंक से लोन लिया गया हो, तो उसकी किश्तें समय पर चुकाई गई हों और नाम डिफॉल्टर सूची में न हो। साथ ही सिबिल स्कोर भी खराब नहीं होना चाहिए।
लोन चुकाने का नियम
इस योजना के तहत मिलने वाले लोन को 4 साल के भीतर चुकाना होता है। सरकार चाहती है कि युवा इस रकम का इस्तेमाल सही तरीके से करें और धीरे-धीरे अपना कारोबार मजबूत बनाएं। ब्याज न होने की वजह से लोन चुकाने का बोझ भी कम रहता है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह योजना खासकर छोटे व्यापार, दुकान, सर्विस और स्टार्टअप शुरू करने वालों के लिए बड़ा सहारा बन सकती है। सही योजना और मेहनत के साथ यह स्कीम युवाओं की जिंदगी बदलने का मौका दे सकती है।