उत्तर प्रदेश के संभल जिले में सोशल मीडिया पर अश्लीलता और गाली-गलौज फैलाने वाली इंस्टाग्राम इंफ्लुएंसर महक और परी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. इन दोनों के साथ उनके दो सहयोगियों को भी पकड़ा गया है. ये सभी मिलकर सोशल मीडिया पर अश्लील और भड़काऊ कंटेंट डाल रहे थे, जिसकी कई लोगों ने पुलिस से शिकायत की थी.
क्या था मामला?
संभल के असमोली थाना क्षेत्र में रहने वाली महक और परी नाम की लड़कियां ‘महक परी 143’ नाम से इंस्टाग्राम अकाउंट चलाती थीं. इस अकाउंट से 546 से ज्यादा वीडियो अपलोड किए गए हैं. इन वीडियो में ये दोनों अक्सर गालियां देती, अश्लील हरकतें करती और सामाजिक मर्यादाओं का मजाक उड़ाती नजर आती थीं. हैरानी की बात यह है कि इनके इंस्टाग्राम पर चार लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं.
पुलिस ने क्यों की कार्रवाई?
स्थानीय ग्रामीणों और नागरिकों ने लगातार इन वीडियो की शिकायत की थी. लोगों का कहना था कि इससे युवाओं पर बुरा असर पड़ रहा है और यह जिले की छवि को खराब कर रहा है. शिकायतों के आधार पर पुलिस अधीक्षक कृष्ण बिश्नोई ने मामले में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए.
पुलिस ने जांच के बाद महक, परी और उनके दो साथियों के खिलाफ आईटी एक्ट की धारा 67 और बीएनएस की धारा 294B समेत कई अन्य धाराओं में केस दर्ज किया और चारों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.
पुलिस ने क्या कहा?
एसपी कृष्ण बिश्नोई ने बताया कि इस तरह के वीडियो समाज में गंदगी फैलाते हैं और ऐसे लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर अश्लीलता फैलाने, अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने और युवाओं को भटकाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी.
फिलहाल पुलिस महक और परी के सोशल मीडिया अकाउंट्स की गहराई से जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उन्होंने अब तक कौन-कौन से वीडियो डाले हैं और इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हो सकता है.