.jpg%3Falt%3Dmedia%26token%3Dee477bf2-0988-4db7-b8d0-d6d7581b9f40&w=3840&q=75)
उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस-2025) के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। शुक्रवार को एमएसएमई, खादी, ग्रामोद्योग, रेशम, हथकरघा और वस्त्र मंत्री राकेश सचान की अध्यक्षता में इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में एक समीक्षा बैठक हुई। यह ट्रेड शो 25 से 29 सितंबर 2025 तक आयोजित होगा, जिसे उत्तर प्रदेश सरकार और इंडिया एक्सपोजिशन मार्ट लिमिटेड (आईईएमएल) संयुक्त रूप से आयोजित कर रहे हैं। थीम ‘अल्टिमेट सोर्सिंग बिगिन्स हियर’ के तहत यह आयोजन एमएसएमई, ओडीओपी, खादी, वस्त्र, खाद्य प्रसंस्करण, आईटी, ऑटोमोबाइल, नवीकरणीय ऊर्जा और पारंपरिक शिल्प जैसे क्षेत्रों को वैश्विक मंच प्रदान करेगा।
बैठक में अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ रवि कुमार एन.जी, नोएडा प्राधिकरण के सीईओ लोकेश एम., यमुना प्राधिकरण के सीईओ राकेश कुमार सिंह, डीएम मेधा रूपम, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजीव एन. मिश्रा और आईईएमएल अध्यक्ष राकेश कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
राकेश सचान ने कहा कि यूपीआईटीएस-2025 उत्तर प्रदेश की औद्योगिक और सांस्कृतिक ताकत को विश्व स्तर पर प्रदर्शित करेगा। उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता वाली व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिसमें सुरक्षा, ट्रैफिक, स्वच्छता और आगंतुकों की सुविधा शामिल हैं।
आलोक कुमार ने कहा कि यह आयोजन प्रदेश को ट्रिलियन-डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य की ओर ले जाएगा। राकेश कुमार और आईईएमएल के सीईओ सुदीप सरकार ने प्रदर्शनी स्थल, विश्वस्तरीय सुविधाओं, पार्किंग, सुरक्षा और बी2बी मीटिंग्स की तैयारियों की जानकारी दी।
इस ट्रेड शो में 2400 से अधिक प्रदर्शक विभिन्न क्षेत्रों से भाग लेंगे, और 1.25 लाख से अधिक राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खरीदारों व 4.25 लाख आगंतुकों के आने की उम्मीद है। प्राधिकरणों और जिला प्रशासन ने बुनियादी ढांचे, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।