UP MP Road Accidents Five Dead : उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में सुबह हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए। यूपी के बाराबंकी में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बस और ट्रक की टक्कर में दो लोगों की जान गई। वहीं मध्य प्रदेश के धार में तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई।
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण टक्कर
बाराबंकी में हादसा हैदरगढ़ के सुबेहा थाना क्षेत्र में गेरांवा गांव के पास हुआ। शनिवार तड़के करीब 5 बजे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के 52.7 किलोमीटर पर दिल्ली से करीब 80 यात्रियों को लेकर बिहार जा रही बस को पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे के वक्त बस को रोककर दोनों चालक पहियों की हवा जांच रहे थे।
दोनों चालकों की मौके पर मौत
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के दोनों चालक इसकी चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। मृतकों की पहचान अजय कुमार यादव और दीप चन्दर राय के रूप में हुई है। हादसे में ट्रक चालक और क्लीनर समेत कई यात्री घायल हुए हैं। ट्रक का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
ये भी पढ़ें : कच्चा तेल 95 डॉलर पर आया, क्या सस्ता होगा Petrol-Diesel? सरकार ने दिया बड़ा संकेत
घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया
हादसे की सूचना मिलते ही सुबेहा थाना पुलिस, एक्सप्रेसवे राहत दल और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए बाराबंकी जिला मुख्यालय भेजे गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है।
धार में ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर
मध्य प्रदेश के धार जिले में बदनावर के पिटगारा चौराहे पर शनिवार सुबह दूसरा बड़ा हादसा हुआ। महू-नीमच फोरलेन पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची घायल हुई है। उसे बदनावर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर करीब एक घंटे तक रास्ता जाम कर दिया। इससे रतलाम-इंदौर मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।