
आगामी छठ पूजा और गंगा स्नान को लेकर पुलिस प्रशासन अभी से अलर्ट मोड पर आ गया है। बुधवार को एफएम प्रशासन व एसपी ग्रामीण ने अनूपशहर और नरौरा के गंगा घाट का निरीक्षण किया। वही संबंधित को जरूरी दिशा निर्देश जारी किए। डीएम बुलंदशहर श्रुति एवं एसएसपी दिनेश कुमार सिंह के निर्देशन में एडीएम (प्रशासन) प्रमोद कुमार पाण्डेय व एसपी ग्रामीण डॉ. तेजवीर सिंह द्वारा थाना अनूपशहर क्षेत्रान्तर्गत गंगा घाटों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान घाटों की सुरक्षा व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, आवागमन के मार्गों का रूट डायवर्जन, बैरिकेडिंग, पेयजल, शौचालय, तथा साफ-सफाई की व्यवस्था आदि का विशेष रूप से अवलोकन किया गया।
रास्तों को दुरुस्त किया जाए
इस अवसर पर अधिकारियों द्वारा संबंधित को निम्न महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए जिसमे घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। सीसीटीवी कैमरे, प्रकाश व्यवस्था एवं आपातकालीन बचाव उपकरण घाटों पर उपलब्ध कराए जाएं। मेले में आने-जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए निर्दिष्ट रूट चिन्हित कर रूट डायवर्जन की स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक की जाए। जेसीबी मशीनों व श्रमिकों की सहायता से घाटों की सफाई व रास्तों को दुरुस्त किया जाए। महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए एवं महिला पुलिस बल की तैनाती की जाए। गौताखोरों की टीम को सक्रिय रखने तथा जल में संभावित आपात स्थितियों से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है। पार्किंग स्थलों की व्यवस्था कर वहाँ आवश्यक मार्गदर्शन संकेतक लगाने हेतु निर्देशित किया गया। घाटों पर पेयजल व शौचालयों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। कच्चे घाटों पर सेण्ड बैग (रेत की बोरियों) के माध्यम से स्नान स्थल को सुरक्षित बनाया जा रहा है।
व्यवस्था विशेष रूप से सुनिश्चित की जा रही
किसी भी आकस्मिक घटना से निपटने हेतु अग्निशमन वाहन (फायर ब्रिगेड) को घाटों के निकट तैनात करने के निर्देश भी दिए गए हैं। महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम (कपड़े बदलने की सुविधा) की व्यवस्था विशेष रूप से सुनिश्चित की जा रही है। निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी अनूपशहर रामकरन, तहसीलदार अनूपशहर, नायब तहसीलदार अनूपशहर, एवं थाना प्रभारी अनूपशहर सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।