थाना क्षेत्र के गांव मीवा में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक कलयुगी युवक ने घर में अकेली पाकर एक दिव्यांग युवती के साथ हैवानियत की सारी सीमाएं लांघ दीं। परिजनों की गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर आरोपी ने युवती के साथ बलात्कार का प्रयास किया। शोर मचने पर ग्रामीणों ने आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
घर में अकेली देख लांघी मर्यादा
जानकारी के अनुसार, मीवा निवासी एक परिवार के सदस्य खेतों में गेहूं की कटाई के लिए गए हुए थे। घर पर उनकी दिव्यांग बेटी अकेली थी। इसी बीच पड़ोस में रहने वाला एक युवक, जो हैवानियत के नशे में चूर था, चुपके से घर में दाखिल हो गया। आरोपी ने दिव्यांग युवती की लाचारी का फायदा उठाते हुए उसके कपड़े फाड़ दिए और उसके साथ कुकर्म करने का प्रयास किया।
ग्रामीणों ने आरोपी को रंगे हाथ पकड़ा
पीड़ित युवती ने हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाया, जिसे सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने आरोपी को युवती के साथ बदसलूकी करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद घटना की जानकारी तुरंत यूपी डायल 112 को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों ने आरोपी को पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
पूर्व में भी कई लड़कियों को बना चुका है शिकार
युवती के पिता ने मवाना थाने में आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर देते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। परिजनों ने पुलिस के सामने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि आरोपी आदतन अपराधी है और पहले भी गांव की कई लड़कियों को अपनी हवस का शिकार बना चुका है। परिजनों का कहना है कि पूर्व में ठोस कार्रवाई न होने के कारण आरोपी के हौसले बुलंद हैं और वह लगातार इस तरह की घिनौनी वारदातों को अंजाम दे रहा है।
पुलिस की जांच शुरू
थाना पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।