जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इनमें तीन लोग ही गांव के रहने वाले थे और इको कार से बहू को लेने के लिए हापुड़ जा रहे थे। इन हादसों में चार लोग घायल भी हुए है। उनका इलाज चल रहा है। मरने वालों एक मुजफ्फरनगर जिले का रहने वाला है।
हापुड़ रोड पर इको से टकराई स्विफ्ट कार, तीन की मौत
भावनपुर थाना क्षेत्र के जेई गांव निवासी मोबीन, चालक मोहम्मद साहब, इशरत और दो बच्चों के साथ इको कार से परिवार के एक सदस्य की बहू को लेने हापुड़ जिले के बझेड़ा कला जा रहे थे। इसी दौरान जब वह खरखौदा थाना अंतर्गत मेरठ-हापुड़ हाईवे स्थित बिजौली गांव के कट के पास पहुंचे तो दूसरी लेन में तेज गति से आ रही स्विफ्ट कार डिवाइडर से टकराने के बाद दूसरी लाइन में आकर इको कार से टकरा गई। टक्कर लगने के बाद इको कार तीन बार पलट गई। हादसा देखकर अन्य वाहन चालक रुक गए। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद इको कार में फंसे मोबीन, चालक मोहम्मद साहब और महिला इशरत को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
हादसे में घायल इको कार में सवार दो बच्चों और स्विफ्ट कार में सवार चालक और एक अन्य को बाहर निकाल कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। एसपी देहात अभिजीत कुमार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया, हादसे में जेई गांव निवासी मोबीन, चालक मोहम्मद साहब और महिला इशरत की मौत हुई है। बाकी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना का मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्विफ्ट कार हापुड़ से मेरठ आ रही थी। उसमें दो लोग सवार थे। कार लालकुर्ती निवासी अनस चला रहे थे। कार पहले डिवाइडर से टकराई थी। इसके बाद इको कार से भिड़ गई। हादसा ओवर स्पीड के कारण हुआ। स्विफ्ट कार के चालक का हाथ कट गया है।
ट्रैक्टर की टक्कर से स्कूटी सवार बुजुर्ग की मौत, चालक फरार
कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में दिल्ली-देहरादून हाईवे पर मंगलवार को ट्रैक्टर की टक्कर से स्कूटी सवार बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग गया। पुलिस के मुताबिक ओम नगर कालोनी निवासी 70 वर्षीय विजेंद्र मंगलवार दोपहर स्कूटी से दिल्ली-देहरादून हाईवे पर जा रहे थे। इसी दौरान जंगेठी गांव के पास पेट्रोल पंप के सामने तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही विजेंद्र सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग गया। कंकरखेड़ा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ दौराला शिव ठाकुर का कहना है कि पुलिस ट्रैक्टर चालक की तलाश में लगी है। जल्द उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। विजेंद्र की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
गंग नहर पटरी पर ट्रक की टक्कर से युवक की मौत
रोहटा थाना अंतर्गत चौधरी चरण सिंह कांवड़ मार्ग मुजफ्फरनगर जिले के शाहपुर निवासी 32 वर्षीय ताहिर रिक्शा से रिश्तेदारी में जा रहे थे। रिक्शा में उनके अलावा बुढ़ाना निवासी 22 वर्षीय कामिल भी सवार था। इसी दौरान जब रिक्शा डूंगर गांव के पास पहुंची तभी तेजी से आ रहे ट्रक ने रिक्शा में टक्कर मार दी। हादसे में ताहिर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कामिल गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भाग गया। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल कामिल को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से डाक्टरों ने उसे मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही ताहिर और कामिल के परिजन पहुंच गए। पुलिस ने बताया, ट्रक और चालक की तलाश की जा रही है।
.