पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के गांव गांव गालंद में पति की संदिग्ध दशा में मौत हो गई। पुलिस ने मृतक की पहचान 38 वर्षीय भूपेंद्र के रुप में की है। मृतक भूपेंद्र के परिजन का आरोप है कि उसकी पत्नी ने जहर देकर उसकी हत्या की है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज कर जांच शुरू कर दी है।
पत्नी से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई
गांव गालंद निवासी भूपेंद्र अपनी पत्नी पूनम और तीन बच्चों के साथ रहते थे। वह एक कंपनी में नौकरी कर परिवार का पालन पोषण करते थे। मंगलवार दोपहर को उनकी पत्नी से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इस दौरान उसकी तबियत अचानक बिगड़ गई। आनन फानन में उसको पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान भूपेंद्र की मौत हो गई। अस्पताल स्टॉफ ने भूपेंद्र के परिजन को मामले की जानकारी दी। जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना देकर जानकारी दी।
आत्महत्या का प्रयास किया
परिजनों का आरोप है कि पूर्व में भी पत्नी पूनम ने भूपेंद्र को मानसिक रुप से परेशान किया था। उसकी शादी को 15 वर्ष हुए थे। पत्नी पूनम ने अपने प्रेमी के साथ रहने के चलते आत्महत्या का प्रयास भी किया था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मिलेगी मौत की जानकारी
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों के बारे में जानकारी मिल पाएगी। हर बिंदुओं को ध्यान में रख कर मामले की जानकारी की जा रही है। अभी कोई शिकायत नहीं मिली है।