दिल्ली-दून हाईवे पर दौराला स्थित शराब की कंपोजिट दुकान के सामने सड़क पार कर रहे मजदूर को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल मजदूर ने शुक्रवार सुबह मोदीपुरम स्थित अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने पुलिस को ट्रक का नंबर उपलब्ध कराते हुए चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
दिल्ली-दून हाईवे पार कर रहे थे
लोईया गांव निवासी आशा ने थाने में दी तहरीर में बताया कि उसके पति सुधीर कुमार (36) मजदूरी करते थे। बृहस्पतिवार रात वह दौराला से मजदूरी कर पैदल घर लौट रहे थे। दौराला में शराब की कंपोजिट दुकान के सामने वह दिल्ली-दून हाईवे पार कर रहे थे। इसी दौरान मुजफ्फरनगर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में सुधीर गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को दौराला सीएचसी में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन सुधीर को मोदीपुरम स्थित अस्पताल ले गए, जहां शुक्रवार सुबह उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। सुधीर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पत्नी आशा का रो-रोकर बुरा हाल है। बेटे सिद्धू और आदी तथा बेटी आरोही भी पिता की मौत से बेसुध हैं। परिजनों ने पुलिस को हादसे में शामिल ट्रक का नंबर भी उपलब्ध कराया है। सीओ दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।