UP News: प्रदेश में शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए राज्य अध्यापक पुरस्कार और मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार की चयन प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। इसके लिए शिक्षक 10 से 30 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। राजकीय, सहायता प्राप्त और संस्कृत विद्यालयों के शिक्षकों को राज्य अध्यापक पुरस्कार, जबकि वित्तविहीन विद्यालयों के शिक्षकों को मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
ऑफलाइन आवेदन नहीं होंगे स्वीकार
आवेदन माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट के माध्यम से करना होगा। चयन के लिए ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। सभी आवेदकों को अपने उत्कृष्ट शैक्षिक कार्यों और उपलब्धियों का विवरण देना होगा। इसके साथ ही पांच मिनट का वीडियो भी अपलोड करना अनिवार्य होगा। वीडियो में शिक्षक को अपने कार्यों और शिक्षण के क्षेत्र में किए गए नवाचारों की जानकारी देनी होगी।
पांच चरणों में पूरी होगी चयन प्रक्रिया
चयन प्रक्रिया पांच चरणों में पूरी की जाएगी। इसके तहत विभिन्न स्तरों पर आवेदनों और उपलब्धियों का परीक्षण होगा। जनवरी 2027 में राज्य स्तरीय चयन समिति अंतिम रूप से पुरस्कार पाने वाले शिक्षकों के नाम तय करेगी। शिक्षक दिवस यानी पांच सितंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चयनित शिक्षकों को सम्मानित करेंगे।