परिवार से अलग रह रहे युवक का बंद कमरे में शव मिला। मां की सूचना पर पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला। अभी युवक की मौत के कारण की पुष्टि नहीं हुई है पर पुलिस का कहना है कि संभवत: युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर आतमहत्या की है।
परिवार दूसरे मकान में रहता है
देहली गेट थाना क्षेत्र के ठठेरवाड़ा मोहल्ला निवासी 29 वर्षीय कर्ण वर्मा परिवार से अलग कमरा लेकर रह रहा था। कुछ दूरी पर ही परिवार दूसरे मकान में रहता है। शनिवार दोपहर तक जब वह घर नहीं आया तो कर्ण की मां सीता वर्मा उसे देखने के लिए पहुंची। कमरा अंदर से बंद था। बेटे को जगाने के लिए मां ने कई बार आवाज लगाई और दरवाजा भी खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं आया। कुछ ही देर में आसपास के लोग आ गए। उन्होंने भी काफी प्रयास किया, लेकिन कमरे के अंदर से कोई जवाब नहीं आया। इसके बाद सीता वर्मा ने पुलिस को सूचना दी।
मृत अवस्था में पड़ा देखकर मां की चीख निकल गई
कमरे का दरवाजा तोड़कर पुलिस अंदर दाखिल हुई तो देखा कर्ण का शव बिस्तर पर पड़ा था और उसके मुंह से झाग निकल रहे थे। बेटे को मृत अवस्था में पड़ा देखकर मां की चीख निकल गई। फोरेंसिक टीम घटनास्थल की पड़ताल करने के बाद लौट गई। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने बताया, कर्ण सराफ की दुकान पर काम करता था और अविवाहित था। काम के सिलसिले के कारण कर्ण परिवार से अलग किराये पर कमरा लेकर रह रहा था पर खाना घर आकर ही खाता था। परिजनों का कहना था कि शुक्रवार रात वह बिना किसी से कुछ कहे अपने कमरे में सोने चला गया था। उधर, पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टय कर्ण ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की है, क्योंकि उसके मुंह से झाग निकल हुए थे। मौत का सही कराण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर पता चलेगा। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।