सदर कोतवाली क्षेत्र के तहसील चौपला और मेरठ तिराहे के बीच शुक्रवार दोपहर बाद अपनी बहन के घर ईद की पूर्वसंध्या पर मिठाई और फल लेकर आ रहे एक युवक की तबियत अचानक से बिगड़ गई। दौरा पड़ने की वजह से वह सड़क पर गिर गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे पास के अस्पताल में भर्ती कराया। जहां युवक की मौत हो गई। युवक की मौत से परिजन में कोहराम मच गया।
अचानक से उसकी तबियत खराब हो गई
एसएचओ सदर विनोद पांडेय ने बताया कि जिला मेरठ के किला परीक्षतगढ़ निवासी आबाद भंडा पट्टी क्षेत्र में रहने वाली अपनी बहन के घर पर शुक्रवार को ईद के त्योहार को लेकर उसके घर पर मिठाई, फल आदि देने के लिए आया था। दोपहर के समय आबाद वापस अपने घर की तरफ लौट रहा था। जब वह तहसील चौपला और मेरठ तिराहा के बीच में पहुंचा तो अचानक से उसकी तबियत खराब हो गई और दौरा पड़ने की वजह से वह सड़क पर गिर गया। युवक को सड़क पर गिरता देखकर मौके पर काफी संख्या में राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।
युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया
राहगीरों ने इस बात की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को पास के अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के परिजन को सूचना दी। ईद के त्योहार से पहले युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। उन्होंने बताया कि मृतक युवक बस का इंतजार कर रहा था। तभी अचानक से उसे दौरा पड़ा। विभिन्न बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है।