UP News: उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों पर होने वाले द्विवार्षिक चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपने सभी प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए हैं। मंगलवार को पार्टी ने छह और उम्मीदवारों की सूची जारी की। इनमें तीन स्नातक और तीन शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के प्रत्याशी शामिल हैं।
तीन स्नातक और तीन शिक्षक सीटों पर घोषित किए प्रत्याशी
भाजपा की ओर से जारी सूची के अनुसार वाराणसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से केदार नाथ सिंह, मेरठ स्नातक से दिनेश गोयल और इलाहाबाद-झांसी स्नातक से अशोक कुमार राठौर को प्रत्याशी बनाया गया है। वहीं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में वाराणसी से डॉ. प्रमोद मिश्रा, आगरा से इंजीनियर हरि किशोर तिवारी और गोरखपुर-फैजाबाद से ध्रुव त्रिपाठी को चुनाव मैदान में उतारा गया है।
11 सीटों के लिए चुनावी चेहरा स्पष्ट
भाजपा ने इससे पहले विधान परिषद की पांच सीटों के लिए प्रत्याशियों के नाम घोषित किए थे। छह नए नामों के ऐलान के साथ पार्टी ने सभी 11 सीटों के लिए अपना चुनावी चेहरा स्पष्ट कर दिया है।
नामांकन प्रक्रिया भी शुरू हो गई
उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की जिन 11 सीटों पर चुनाव होना है, उनमें पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र हैं। इन सीटों पर मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल छह दिसंबर 2026 को समाप्त हो रहा है। चुनाव की अधिसूचना मंगलवार को जारी होने के साथ नामांकन प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।
छह नामों का ऐलान
इन चुनावों में स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के तहत लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ और इलाहाबाद-झांसी तथा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ, बरेली-मुरादाबाद और गोरखपुर-फैजाबाद सीटें शामिल हैं। भाजपा के छह नामों के ऐलान के बाद अब इन सीटों पर चुनावी मुकाबले की तस्वीर और स्पष्ट हो गई है।