मवाना। मेरठ के मवाना क्षेत्र में अवैध हथियारों की तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को भारी मात्रा में अवैध असलहा और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि गिरोह को कथित रूप से उत्तर प्रदेश पुलिस का एक हेड कांस्टेबल ही थाने से हथियार और कारतूस उपलब्ध कराता था। मामले में पुलिसकर्मी समेत तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
थाना प्रभारी निरीक्षक ब्रह्म कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर मध्य गंगनहर पटरी स्थित मखदुमपुर-कूड़ी कमालपुर मार्ग से पुलिस ने केशू यादव निवासी ग्राम मटौरा को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक 32 बोर पिस्टल, एक .38 बोर रिवॉल्वर, तीन 315 बोर तमंचे, छह जिंदा कारतूस 315 बोर, एक कारतूस 32 बोर तथा 1,550 रुपये बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में केशू यादव ने बताया कि उसका चचेरा भाई अमित यादव, जो उत्तर प्रदेश पुलिस में हेड कांस्टेबल है और वर्तमान में थाना कांधला (जनपद शामली) में हेड मोहर्रिर माल के पद पर तैनात है, कथित रूप से थाने से हथियार और कारतूस लाकर उसे बेचने के लिए देता था। गिरोह का तीसरा सदस्य तुषार हथियारों की खरीद-फरोख्त में केशू के साथ शामिल था।
पुलिस का दावा है कि अवैध हथियारों की बिक्री से प्राप्त रकम का आधा हिस्सा अमित यादव लेता था, जबकि शेष राशि केशू और तुषार आपस में बांट लेते थे। गुरुवार को केशू हथियारों की बिक्री के लिए ग्राहक की तलाश में था, तभी पुलिस ने उसे धर दबोचा।
बरामदगी के आधार पर मवाना थाने में तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। शुक्रवार को गिरफ्तार केशू यादव को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस फरार आरोपी अमित यादव और तुषार की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। कार्रवाई करने वाली टीम में थाना प्रभारी निरीक्षक ब्रह्म कुमार त्रिपाठी, उपनिरीक्षक पवन कुमार, रजनेश कुमार, आनंद उत्तम, ऋषभ गुप्ता, हेड कांस्टेबल ब्रजेश कुमार, कांस्टेबल विमलेश कुमार तथा रिक्रूट आरक्षी रोहित कुमार शामिल रहे।