UP News: उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक सीधी भर्ती की लिखित परीक्षा रविवार को भी दूसरे दिन जनपद के नौ परीक्षा केंद्रों पर हुई। दोनों पालियों में 5214 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, 1986 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा ने कड़े प्रबंध किए हुए थे। डीएम और एसपी ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
दोनों पालियों में परीक्षा संपन्न हुई
रविवार को नगर के स्वर्ग आश्रम रोड स्थित आर्य कन्या पाठशाला , चौधरी ताराचंद इंटर कॉलेज, दीवान इंटर कॉलेज, एसएसवी इंटर कॉलेज, जैन कन्या इंटर कॉलेज , श्री शांति स्वरूप कृषि इंटर कॉलेज, पिलखुवा के सर्वोदय इंटर कॉलेज व श्री चंडी विद्यालय , मारवाड़ इंटर कॉलेज पिलखुवा में दोनों पालियों में परीक्षा संपन्न हुई।
ये चीजें ले जाना था मना
प्रत्येक पाली में 3600 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। सुबह की पाली सुबह दस बजे से 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर तीन बजे से पांच बजे तक हुई। दोनों पालियों में परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र और मूल पहचान पत्र का मिलान, बायोमेट्रिक सत्यापन व फोटो कैप्चरिंग की प्रक्रिया के बाद परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश दिया गया। इसके साथ ही पेपर,पैंसिल बाक्स, कैलकुलेटर, पर्स, चश्मे, टोपी, आभूषण, मोबाइल फोन, यूएसबी ड्राइव, कैमरा, घड़ी, चाबी, ब्लूटूथ, डिजिटल पैन, डिजिटल घड़ी आदि नहीं ले जाने दिया।
परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था चाकचौबंद रही
जनपद के हर परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था चाकचौबंद रही। महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला पुलिस कर्मियों ने की। हर केंद्र पर बने कंट्रोल-रूम, सीसीटीवी निगरानी और जैमर लगाए गए ताकि मोबाइल या डिवाइस से नकल न हो। डीएम अभिषेक पांडेय, एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने भी परीक्षा केंद्रों पर जाकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
2574 अभ्यर्थी उपस्थित रहे
रविवार को परीक्षा के दूसरे दिन पहली पाली में 3600 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, इसमें 2574 अभ्यर्थी उपस्थित रहे। जबकि 1026 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों की कुल प्रतिशत 71.50 रही। दूसरी पाली में भी 3600 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, इस पाली में 2640 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, 960 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। दूसरी पाली में 73.33 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। कुल मिलकर दोनों दिनों में 14400 परीक्षार्थियों में से 10332 परीक्षार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 4068 ने परीक्षा नहीं दी।