UP Rajya Sabha BJP Candidates : भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए अपने आठ उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है। पार्टी ने इस सूची में कई नए और चौंकाने वाले चेहरों को मौका दिया है। उम्मीदवारों में धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, विद्यागार सोनकर, गोपी कृष्ण पांडेय, प्रियंका सिंह रावत, राम प्रताप सिंह चौहान और श्रुति गंगवार के नाम शामिल हैं। खास बात ये है कि सूची में प्रियंका सिंह रावत और श्रुति गंगवार जैसे नामों ने सभी का ध्यान खींचा है।
आठ नामों से चौंकाया
बीजेपी की सूची सामने आने के बाद सबसे ज्यादा चर्चा उन नामों की हो रही है, जिन्हें टिकट नहीं मिला। हरदीप सिंह पुरी और बीएल वर्मा जैसे मौजूदा राज्यसभा सांसदों को दोबारा उम्मीदवार नहीं बनाया गया है। इसके अलावा स्मृति ईरानी जैसे चर्चित नाम भी सूची में नहीं हैं। पार्टी ने इस बार संगठन और प्रदेश स्तर पर सक्रिय चेहरों को प्राथमिकता दी है।

किसे मिला राज्यसभा टिकट
बीजेपी के आठ उम्मीदवारों में यूपी सरकार के मंत्री धर्मपाल सिंह, वरिष्ठ अधिवक्ता राधाकांत ओझा, प्रदेश संगठन से जुड़े प्रकाश पाल और विद्यासागर सोनकर शामिल हैं। इनके अलावा गोपी कृष्ण पांडेय, पूर्व सांसद प्रियंका सिंह रावत, राम प्रताप सिंह चौहान और श्रुति गंगवार को भी मैदान में उतारा गया है। सूची में दो महिला उम्मीदवार प्रियंका सिंह रावत और श्रुति गंगवार हैं।
ये भी पढ़ें : CEC Gyanesh Kumar पर SC सख्त, निलंबन की मांग ठुकराई; चुनाव आयोग से मांगा जवाब
सामाजिक समीकरण पर नजर
उम्मीदवारों के चयन में सामाजिक और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व का संतुलन नजर आता है। उपलब्ध रिपोर्टों के मुताबिक सूची में तीन ओबीसी, दो दलित, दो ब्राह्मण और एक ठाकुर समाज से जुड़े चेहरे हैं। ऐसे में अगले साल होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले इस चयन को पार्टी के सामाजिक समीकरण से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि बीजेपी ने उम्मीदवारों की घोषणा के साथ इस रणनीति का कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया है।
पुरी-वर्मा के नाम गायब
सबसे अहम बात यह है कि यूपी से राज्यसभा का प्रतिनिधित्व कर रहे केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और बीएल वर्मा को दोबारा मौका नहीं मिला। खासतौर पर पुरी का नाम सूची से बाहर होने के बाद संभावित केंद्रीय मंत्रिमंडल फेरबदल को लेकर अटकलें तेज हुई हैं। हालांकि, मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
योगी ने दी बधाई
उम्मीदवारों की घोषणा के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी प्रत्याशियों को बधाई दी और उनकी जीत की शुभकामनाएं दीं। बीजेपी की सूची से अब राज्यसभा चुनाव को लेकर तस्वीर काफी हद तक साफ हो गई है। उत्तर प्रदेश की 10 सीटों के लिए होने वाले चुनाव में बीजेपी ने आठ उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि समाजवादी पार्टी ने राम गोपाल यादव और धनराज नाथवानी को उम्मीदवार बनाया है और तीसरे नाम को लेकर स्थिति अलग से चर्चा में है।