UP Schools Guidlines: उत्तर प्रदेश में गर्मी की छुट्टियां खत्म होने के बाद अब स्कूल दोबारा से शुरू हो गए हैं। लेकिन राज्य में लगातार पड़ रही प्रचंड गर्मी और उमस को देखते हुए बेसिक शिक्षा विभाग 'हीट एक्शन प्लान' लेकर आई है। इसके तहत सभी स्कूलों के लिए नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। ताकि बच्चे हीटस्ट्रोक से सुरक्षित रहें।
'हेल्थ नोडल टीचर' किया जाएगा नियुक्त
जारी दिशा-निर्देश में कहा गया है कि अब हर स्कूल को अपना खुद का 'स्कूल हीट एक्शन प्लान' बनाना होगा। गर्मी से जुड़ी दिक्कतों और व्यवस्थाओं की देखरेख के लिए स्कूल में एक 'हेल्थ नोडल टीचर' नियुक्त किया जाएगा। शिक्षक सुबह की प्रार्थना सभा, कक्षा शिक्षण, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों और दैनिक स्कूल गतिविधियों के दौरान छात्रों को गर्मी से बचाव के उपायों की जानकारी देंगे। साथ ही, स्कूल परिसर में दीवारों पर लू से बचाव के उपाय और इमरजेंसी फोन नंबर भी लिखे जाएंगे।
स्कूलों में इन चीजों का होना जरूरी
हर स्कूल में फर्स्ट एड (प्राथमिक उपचार) किट, ओआरएस (ORS) के पैकेट और डिजिटल थर्मामीटर होना अनिवार्य है। इसके अलावा विशेष रूप से 108 एंबुलेंस सेवा से संपर्क होना चाहिए। बच्चों को हर 20 से 30 मिनट में पानी पीने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: DU Admission 2026: दिल्ली यूनिवर्सिटी में एडमिशन शुरू, बिना री-वैल्यूएशन रिजल्ट के ऐसे करें रजिस्ट्रेशन
अलर्ट के दौरान खेलकूद पर लगाई जाए रोक
मौसम विभाग की ओर से 'ऑरेंज' या 'रेड' अलर्ट जारी होने पर बच्चों के मैदान में खेलने या भारी शारीरिक मेहनत वाले कामों पर पूरी तरह रोक लगाई जाएगी। अगर किसी बच्चे को बहुत ज्यादा पसीना आए, तेज प्यास लगे, सिरदर्द हो या चक्कर आए, तो उसे तुरंत धूप से हटाकर किसी छायादार और ठंडी जगह पर ले जाएं और तुरंत प्राथमिक उपचार दें। हालत बिगड़ने पर तुरंत अस्पताल पहुंचाएं।
25 जून से दोबारा शुरू हो गए स्कूल
आपको बता दें कि यूपी के स्कूलों की गर्मी की छुट्टियां खत्म हो गई हैं। 25 जून से स्कूल दोबारा शुरू हो गए हैं। इस बीच राज्य में प्रचंड गर्मी पड़ रही है। 'हीट एक्शन प्लान' का मकसद इस भीषण गर्मी में पढ़ाई के साथ-साथ बच्चों, अभिभावकों और स्कूल स्टाफ को जागरूक रखना है ताकि कोई भी बच्चा बीमार न पड़े।