UP Trade Show Shuttle Bus : ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में शुक्रवार से यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 की शुरुआत हो गई है। 25 से 29 सितंबर तक चलने वाले इस आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। इसी को देखते हुए प्रशासन ने आगंतुकों की सुविधा के लिए मुफ्त शटल बस सेवा शुरू की है। दिल्ली-एनसीआर, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र से एक्सपो मार्ट तक आने-जाने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।
9 प्रमुख रूट्स पर चलेगी मुफ्त बस सेवा
ट्रेड शो के दौरान 9 मुख्य रूट्स से शटल बसों का संचालन होगा। सभी बसें नॉलेज पार्क रोड स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट के गेट नंबर 3 और 4 के पास बने बस स्टॉप तक जाएंगी। अधिकांश रूट्स पर हर 30 मिनट के अंतराल में बस उपलब्ध रहेगी, जिससे यात्रियों को लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
बॉटनिकल गार्डन और जीआईपी मॉल से सीधी सुविधा
बॉटनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन (गेट नंबर 4) से बसें जीआईपी मॉल, नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और सेक्टर-142 एडवांट-नासा पार्किंग होते हुए एक्सपो मार्ट तक जाएंगी। वहीं सेक्टर-62, गौर सिटी मॉल और सेक्टर-35 मोरना बस स्टैंड से भी अलग-अलग रूट्स के जरिए सीधी बस सेवा उपलब्ध रहेगी।
ये भी पढ़ें : दुर्गा पूजा से पहले SpiceJet का बड़ा ऐलान, 22 Special Flights शुरू, कोलकाता-बागडोगरा को मिली नई उड़ानें
दादरी, दनकौर, जेवर और एयरपोर्ट से भी कनेक्टिविटी
आसपास के क्षेत्रों के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। दादरी रोडवेज बस स्टैंड, दनकौर, रबूपुरा, जेवर बस स्टैंड और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से एक्सपो मार्ट तक बसें चलेंगी। इन रूट्स पर 20-20 बसों का संचालन किया जाएगा ताकि दूरदराज के लोग भी आसानी से ट्रेड शो तक पहुंच सकें।
सुबह बिजनेस विजिटर्स, शाम को आम लोगों के लिए सेवा
फ्री शटल बसें सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक मुख्य रूप से बिजनेस विजिटर्स के लिए उपलब्ध रहेंगी। दोपहर 3 बजे से रात 8 बजे तक आम लोगों के लिए मुफ्त सेवा संचालित होगी। एक्सपो मार्ट जाने वाली बसें सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक चलेंगी, जबकि वापसी की बसें दोपहर 2 बजे से रात 9:10 बजे तक उपलब्ध रहेंगी। कुछ रूट्स पर अंतिम बस रात 9:30 बजे तक चलेगी।
ई-बस और हेल्पलाइन की भी व्यवस्था
आयोजन के लिए 60 इंटरसिटी इलेक्ट्रिक बसों और 42 पार्क एंड राइड ई-बसों का संचालन भी किया जा रहा है। पार्क एंड राइड बसें नासा पार्किंग से सीधे एक्सपो मार्ट तक यात्रियों को पहुंचाएंगी। किसी भी जानकारी या शिकायत के लिए परिवहन विभाग ने हेल्पलाइन नंबर 9717790588 जारी किया है, जहां महेश चौधरी से संपर्क किया जा सकता है। ट्रेड शो में आने वाले लोगों के लिए यह व्यवस्था सफर को आसान और सुविधाजनक बनाने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है।