नई मंडी थाना क्षेत्र के भोपा मुजफ्फरनगर मार्ग पर जट मुझेड़ा में बिंदल पेपर मिल के सामने शनिवार की सुबह सवेरे अज्ञात वाहन ने स्कूटी मे टककर मार दी। हादसे में भोपा थाना क्षेत्र के भोकरहेडी एवं रहमतपुर के रहने वाले दो युवकों की मौत हो गयी। पुलिस के अनुसार दोनों युवक रेलवे रोड पर स्थित ब्लिंकइट डिलीवरी कम्पनी में काम करते थे। हादसे से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस पेपर मिलों में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर दुर्घटना करने वाले अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है।
स्कूटी से मुजफ्फरनगर की ओर आ रहे थे
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जनपद के थाना भोपा क्षेत्र के कस्बा भोकरहेड़ी के मोहल्ला नेहरू चौक निवासी 23 वर्षीय विक्की पुत्र प्रमोद व गांव रहमतपुर निवासी अभय उर्फ सोनू मुजफ्फरनगर शहर में रेलवे रोड पर स्थित ब्लिंकइट कम्पनी मे खाना पैक करने का काम करते थे। शनिवार की सुबह सवेरे दोनों एक ही स्कूटी से मुजफ्फरनगर की ओर आ रहे थे। जब दोनों स्कूटी से सवार होकर जुट मुझेडा के पास पहुंचे तो बिंदल पेपर मिल के समीप अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी।
विक्की गंभीर रुप से घायल हो गया
हादसे में अभय उर्फ सोनू की मौके पर मौत हो गयी, जबकि विक्की गंभीर रुप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भिजवाया। तो उसकी भी उपचार के दौरान मौत हो गयी। दोनों युवकों की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। विक्की के परिवार में पिता प्रमोद, माता सुनीता, बहन पिंकी व निक्की तथा एक दिव्यांग भाई प्रिंस है। वहीं क्षेत्र के गांव रहमतपुर निवासी निवासी अभय उर्फ सोनू 20 वर्ष पुत्र अरविंद चौधरी की मौत से परिवार सहित गांव मे शोक की लहर दौड़ गयी है।
ब्लिंकइट कम्पनी में कार्य करता था
मृतक के चचेरे भाई आलोक ने थाने पर तहरीर देते हुए बताया कि अभय उर्फ़ सोनू अपने साथी विक्की के साथ ब्लिंकइट कम्पनी में कार्य करता था। अभय एसडी डिग्री कॉलिज मे बीए का छात्र भी था।अभय के पिता अरविन्द, माता गीता, छोटी बहन दीपाली का रोरोकर बुरा हाल है। अभय परिवार मे इकलौता पुत्र था।