उत्तर प्रदेश में मानसून अब एक बार फिर सक्रिय हो गया है. मौसम विभाग ने 11 जुलाई के लिए राज्य के कई जिलों में भारी बारिश, मेघगर्जन और बिजली गिरने (वज्रपात) की चेतावनी जारी की है. लोगों से सतर्क रहने और बिना जरूरत घर से बाहर न निकलने की अपील की गई है.
कहां-कहां हो सकती है भारी बारिश?
भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, 11 जुलाई को यूपी के दक्षिणी जिलों में बारिश का असर ज्यादा रहेगा. जिन जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है वो बांदा, चित्रकूट, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर हैं. इन जिलों में तेज बारिश के चलते निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है. लोगों को सलाह दी गई है कि वो बारिश के समय सतर्क रहें और सुरक्षित स्थानों पर रहें.
किन जिलों में गिर सकती है बिजली?
मौसम विभाग ने कुछ जिलों में मेघगर्जन और बिजली गिरने का भी खतरा जताया है. बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर महोबा, झांसी, ललितपुर और इनके आसपास के इलाकों में गरज के साथ बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं, जिससे जान-माल को नुकसान होने का खतरा है.
क्या करें और क्या न करें?
बारिश और वज्रपात के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास न जाएं.
बिजली गिरने के समय मोबाइल या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उपयोग कम करें.
जिन इलाकों में जलभराव की संभावना है, वहां के निवासी समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंच जाएं.
प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखें.