UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। बुधवार को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया। खासतौर पर बुंदेलखंड और मध्य व दक्षिणी यूपी के कई जिलों में कहीं तेज तो कहीं रुक-रुककर अच्छी बारिश दर्ज की गई। लगातार हो रही बरसात से जहां लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है, वहीं कुछ इलाकों में जलभराव और आवागमन की परेशानी भी सामने आ सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में बारिश का यह सिलसिला फिलहाल अगले दो दिनों तक बना रहने की संभावना है। बृहस्पतिवार को 17 जिलों और आसपास के क्षेत्रों के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। बुधवार को हुई बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो हमीरपुर में सबसे अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई। यहां 220 मिमी पानी बरसा। इसके अलावा महोबा में 155 मिमी, बांदा में 123 मिमी और चंदौली में 117 मिमी बारिश दर्ज की गई। कई अन्य जिलों में भी मध्यम से तेज बारिश देखने को मिली।
28 अगस्त तक सक्रिय रहेगा मानसून
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में मानसून की सक्रियता 28 अगस्त तक बनी रहने के आसार हैं। इस दौरान विशेष रूप से प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों और मध्य प्रदेश की सीमा से जुड़े जिलों में बारिश की गतिविधियां अधिक रह सकती हैं। उन्होंने बताया कि अगले 48 घंटों के दौरान कई स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। हालांकि 28 अगस्त के बाद प्रदेश में मानसून की रफ्तार कुछ धीमी पड़ने के संकेत मिल रहे हैं और कुछ दिनों के लिए बारिश की गतिविधियों में कमी आ सकती है।
इन जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार के लिए बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर में भारी बारिश की संभावना जताई है। इन जिलों के आसपास के क्षेत्रों में भी मौसम का असर देखने को मिल सकता है।
यह भी पढ़ें: नेपाल में जलप्रलय का असर यूपी तक, 62 मौतें, 500 से ज्यादा लापता, महाराजगंज-कुशीनगर में बढ़ा अलर्ट
लोगों को बरतनी होगी सावधानी
तेज बारिश की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में कच्चे रास्तों और नदी-नालों के पास विशेष सावधानी की जरूरत होगी। मौसम विभाग की चेतावनी के बीच लोगों को जरूरी होने पर ही खराब मौसम में यात्रा करने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी जा रही है।