Green Field link Expressway: उत्तर प्रदेश के विकास को नई रफ्तार देने वाला एक और बड़ा कदम उठाया गया है। शहर को 74 किमी लंबा नया एक्सप्रेसवे मिलेगा। यह लिंक एक्सप्रेसवे होगा, जो यमुना एक्सप्रेसवे और गंगा एक्सप्रेसवे को जोड़ेगा। 74 किलोमीटर लंबे ग्रीनफील्ड लिंक एक्सप्रेसवे के लिए सीमांकन (मार्किंग) का काम शुरू हो गया है। यह महत्वाकांक्षी परियोजना नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को सीधे गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ेगी, जिससे राज्य की कनेक्टिविटी में अभूतपूर्व सुधार आएगा।
74.3 किलोमीटर लंबा होगा एक्सप्रेसवे
बता दें कि यह एक्सप्रेसवे गौतमबुद्ध नगर और बुलंदशहर के 56 गांव से होकर गुजरेगा। यह एक्सप्रेसवे अब 74.3 किलोमीटर लंबा होगा, जो पहले प्रस्तावित 83 किलोमीटर से कम है। यह लिंक एक्सप्रेसवे नोएडा में बन रही फिल्म सिटी के पास यमुना एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा। इसका मतलब है कि गंगा एक्सप्रेसवे और यमुना एक्सप्रेसवे सीधे आपस में कनेक्ट हो जाएंगे, जिससे यातायात और व्यापार को अत्यधिक बढ़ावा मिलेगा।
4000 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान
इस एक्सप्रेसवे के किनारे बुलंदशहर में एक बड़ा औद्योगिक क्षेत्र भी विकसित किया जाएगा। इससे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सीधा जुड़ाव होगा, जो पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 22 जिलों के लिए औद्योगिक विकास का नया मार्ग प्रशस्त करेगा। इस विशाल परियोजना पर करीब 4000 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है, जो उत्तर प्रदेश सरकार की बुनियादी ढांचे में निवेश की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
खरीद-बिक्री पर पूरी तरह से प्रतिबंध
उत्तर प्रदेश औद्योगिक गलियारा विकास प्राधिकरण (UPEIDA) ने इस एक्सप्रेसवे के प्रस्तावित मार्ग पर जमीन की खरीद-बिक्री पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया है। यह कदम भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया को सुगम बनाने और बिचौलियों की गतिविधियों को रोकने के लिए उठाया गया है।