
Aadhar Card Online Update: भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने आधार कार्ड अपडेट प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया है, जिससे लोगों को बार-बार दस्तावेज़ अपलोड करने की परेशानी से राहत मिलेगी। नई व्यवस्था के तहत अब नागरिकों की जानकारी सरकारी डेटाबेस—जैसे पैन कार्ड, पासपोर्ट और राशन कार्ड—से स्वतः मिलान कर सत्यापित की जाएगी। इससे दस्तावेज़ों की जांच और अपलोडिंग में लगने वाला समय कम होगा। इसके अलावा अब बिजली बिल जैसे यूटिलिटी बिल को भी पते के प्रमाण के रूप में स्वीकार किया जाएगा। यह बदलाव आधार अपडेट प्रक्रिया को और तेज, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाएगा।
ऐसे करें ऑनलाइन अपडेट
UIDAI ने आधार में सुधार की सुविधा अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर Self Service Update Portal (SSUP) के माध्यम से दी है। इसके लिए आपका मोबाइल नंबर आधार से जुड़ा होना जरूरी है। सबसे पहले UIDAI की वेबसाइट पर जाएं और SSUP पोर्टल खोलें। फिर अपना 12 अंकों का आधार नंबर और कैप्चा भरकर “Send OTP” पर क्लिक करें। मोबाइल पर आए ओटीपी से लॉगिन करने के बाद “Update Demographic Data” का विकल्प चुनें और जिस जानकारी में सुधार करना चाहते हैं — जैसे नाम, पता, जन्मतिथि या मोबाइल नंबर — उस पर क्लिक करें।
जरूरी सावधानियां और समयसीमा
जानकारी अपडेट करते समय ध्यान रखें कि आपका नाम आपके आधिकारिक दस्तावेज़ों में जैसा लिखा है, वैसा ही दर्ज करें, क्योंकि नाम केवल एक बार ही बदला जा सकता है। पहचान प्रमाण (PoI) के रूप में पासपोर्ट, पैन कार्ड, वोटर आईडी या ड्राइविंग लाइसेंस की स्कैन कॉपी अपलोड करनी होगी। सबमिट करने के बाद आपको एक Update Request Number (URN) मिलेगा, जिससे आवेदन की स्थिति ट्रैक की जा सकती है। आमतौर पर कुछ दिनों में अपडेट पूरा हो जाता है और नया ई-आधार डाउनलोड किया जा सकता है। UIDAI की यह नई प्रक्रिया आधार कार्ड अपडेट को पहले से कहीं अधिक आसान और डिजिटल बना रही है।