आज के समय में आधार कार्ड सिर्फ पहचान पत्र नहीं, बल्कि जीवन की लगभग हर जरूरी सेवा की चाबी बन चुका है। बैंक अकाउंट खोलने से लेकर सरकारी योजनाओं का लाभ लेने तक, गैस सब्सिडी हो या इनकम टैक्स रिटर्न फाइल करना हर प्रक्रिया में आधार से जुड़े OTP की जरूरत होती है। यह OTP आपके आधार में दर्ज मोबाइल नंबर पर आता है, लेकिन अगर वह नंबर बंद, चोरी या गुम हो जाए, या आप उसे इस्तेमाल न कर रहे हों, तो आधार से जुड़े सभी ऑनलाइन काम रुक जाते हैं। ऐसे में नया मोबाइल नंबर आधार से लिंक कराना बेहद जरूरी हो जाता है।
मोबाइल नंबर ऑनलाइन में कैसे बदलें ?
बहुत लोग सोचते हैं कि क्या आधार में मोबाइल नंबर ऑनलाइन बदला जा सकता है? तो जवाब है नहीं। UIDAI ने सुरक्षा कारणों से यह सुविधा बंद कर दी है ताकि किसी भी तरह की धोखाधड़ी ना हो सके। मोबाइल नंबर बदलने के लिए अब बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन जरूरी है, जो केवल आधार सेवा केंद्र पर ही किया जा सकता है। मतलब, चाहे पुराना नंबर काम कर रहा हो या नहीं, नया मोबाइल नंबर जोड़ने के लिए आपको आधार केंद्र जाना ही पड़ेगा।
ये भी पढ़ें : PM AwasYojana के लिए आवेदन शुरू, सिर्फ 42 दिन का मौका, जानें कौन-कैसे कर सकता है आवेदन
नया नंबर जोड़ने की प्रक्रिया काफी आसान !
नया नंबर जोड़ने की प्रक्रिया भी काफी आसान है। सबसे पहले UIDAI की वेबसाइट पर जाकर अपने नजदीकी आधार सेवा केंद्र का पता निकालें। केंद्र पर पहुंचकर Aadhaar Update/Correction Form भरें और उसमें अपना आधार नंबर व नया मोबाइल नंबर लिखें। इसके बाद ऑपरेटर आपका बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन करेगा जिसमें फिंगरप्रिंट और आईरिस स्कैन शामिल है। यह चरण इसलिए जरूरी है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि बदलाव वही व्यक्ति करा रहा है जो आधार का असली मालिक है। फॉर्म जमा करने के बाद आपको ₹50 शुल्क देना होता है। भुगतान के बाद आपको एक रसीद मिलेगी जिसमें URN नंबर लिखा होता है, जिसकी मदद से आप अपनी अपडेट रिक्वेस्ट का स्टेटस ऑनलाइन देख सकते हैं।
अपडेट 24 घंटे से 5 दिन में पूरा हो जाता है !
स्टेटस चेक करना भी बहुत आसान है। UIDAI की वेबसाइट पर जाकर “Check Aadhaar Update Status” या “Verify Aadhaar” विकल्प चुनें और आधार नंबर व कैप्चा डालें। कुछ ही सेकंड में पता चल जाएगा कि आपका नया नंबर लिंक हो चुका है या नहीं। आमतौर पर यह अपडेट 24 घंटे से 5 दिन में पूरा हो जाता है, लेकिन UIDAI की गाइडलाइन के अनुसार यह प्रक्रिया अधिकतम 90 दिन तक भी जा सकती है। आधार से जुड़ी हर सेवा मोबाइल OTP पर निर्भर करती है, इसलिए अगर आपका पुराना नंबर बंद हो गया है तो नया नंबर जल्द से जल्द अपडेट करवाना बेहद जरूरी है।