सरकार ने डिजिटल पेमेंट करने वालों के लिए एक बड़ी खुशखबरी दी है. अब आप गोल्ड लोन, प्रॉपर्टी लोन, एफडी और पर्सनल लोन की रकम भी UPI से सीधे ट्रांसफर या निकाल सकेंगे. इस नई सुविधा की शुरुआत 1 सितंबर 2025 से होगी. इस बदलाव की जानकारी नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने दी है, जो UPI को ऑपरेट करती है. अभी तक UPI से सिर्फ सेविंग्स अकाउंट या ओवरड्राफ्ट अकाउंट को ही लिंक किया जा सकता था, लेकिन अब लोन अकाउंट भी UPI से जुड़ सकेंगे.
क्या-क्या कर सकेंगे अब UPI से?
अब आप UPI के जरिए कई काम कर सकते हैं-
गोल्ड लोन, पर्सनल लोन, प्रॉपर्टी लोन की रकम ट्रांसफर कर सकेंगे
बिजनेस लोन की पेमेंट भी UPI से कर पाएंगे
FD में जमा रकम निकाल सकेंगे
ATM की तरह कैश विदड्रॉ भी कर पाएंगे (सीमित रकम)
कैसे काम करेगा नया सिस्टम?
अभी तक UPI में P2M (Person to Merchant) ट्रांजैक्शन की सुविधा थी, अब इसमें P2P (Person to Person) और P2PM (Person to Pre-approved Merchant) ट्रांजैक्शन भी शामिल किए जाएंगे. UPI ऐप जैसे Paytm, PhonePe, Google Pay आदि से आप यह सब कर पाएंगे.
किन नियमों का ध्यान रखना होगा?
एक दिन में 1 लाख रुपये तक ही पेमेंट कर सकते हैं.
कैश निकालने की लिमिट 10 हजार रुपये प्रतिदिन रहेगी.
एक दिन में अधिकतम 20 ट्रांजैक्शन ही किए जा सकेंगे.
बैंक यह तय कर सकते हैं कि लोन की रकम को कहां और कैसे खर्च किया जा सकता है, जैसे कि मेडिकल बिल, एजुकेशन फीस आदि.
किन लोगों को होगा सबसे ज्यादा फायदा?
यह सुविधा खासकर छोटे कारोबारियों और आम लोगों के लिए फायदेमंद साबित होगी. जो लोग 2-3 लाख रुपये का बिजनेस लोन लेते हैं और बार-बार बैंक जाने से परेशान रहते हैं, अब वो सीधे अपने मोबाइल से UPI की मदद से पेमेंट कर सकेंगे.
सरकार का ये कदम डिजिटल इंडिया को और मजबूत बनाएगा. साथ ही आम लोगों को लोन की रकम निकालने और इस्तेमाल करने में आसान, तेज और सुरक्षित तरीका मिलेगा. अब बैंक के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी, आपका मोबाइल ही आपका बैंक बन जाएगा.