UPI Tap Pay : डिजिटल भुगतान को और आसान बनाने के लिए यूपीआई में नए फीचर जोड़े गए हैं। ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026 में भारतीय रिजर्व बैंक और नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया ने UPI Tap & Pay और MyUPI लॉन्च किया। नए Tap & Pay फीचर की मदद से उपयोगकर्ता बिना QR कोड स्कैन किए भुगतान कर सकेंगे। खास बात यह है कि इसके लिए हर बार यूपीआई ऐप खोलने की जरूरत भी नहीं होगी।
फोन टैप करते ही शुरू होगा भुगतान
UPI Tap & Pay के जरिए भुगतान करने के लिए NFC सुविधा वाला स्मार्टफोन जरूरी होगा। फोन को अनलॉक करने के बाद उसे दुकानदार की PoS मशीन या स्मार्ट टैग के पास ले जाना होगा। इसके बाद मर्चेंट की मशीन के इंटरनेट कनेक्शन के जरिए लेनदेन पूरा किया जा सकेगा। यानी Google Pay, PhonePe या Paytm जैसे ऐप को खोलकर QR कोड खोजने और स्कैन करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
The Reserve Bank of India (RBI) Governor, Shri Sanjay Malhotra, today unveiled new UPI capabilities at GFF 2026, bringing greater speed, convenience and intelligence to digital payments.
— NPCI (@NPCI_NPCI) September 10, 2026
UPI ‘Tap & Pay’ - Enables faster UPI payments by simply unlocking an NFC-enabled… pic.twitter.com/JVlRU28AIu
कम नेटवर्क में भी मिलेगी सुविधा
इस फीचर की खासियत ऐसे स्थानों पर ज्यादा उपयोगी हो सकती है, जहां मोबाइल नेटवर्क कमजोर रहता है। बेसमेंट, पहाड़ी इलाकों या मेट्रो स्टेशनों जैसी जगहों पर इंटरनेट की परेशानी होने पर भी भुगतान किया जा सकेगा, क्योंकि लेनदेन के लिए मर्चेंट की PoS मशीन का इंटरनेट कनेक्शन इस्तेमाल होगा। इससे धीमे मोबाइल नेटवर्क के कारण भुगतान अटकने की समस्या कम हो सकती है।
ये भी पढ़ें : India-Russia की Aerospace Deal से बदलेगी तस्वीर? IL-114-300 पर नजर
5000 रुपये तक बिना पिन भुगतान
छोटे भुगतानों को आसान बनाने के लिए एनपीसीआई ने 5,000 रुपये तक के लेनदेन में यूपीआई पिन की जरूरत नहीं रखने की सुविधा दी है। इससे कम राशि के भुगतान तेजी से किए जा सकेंगे। हालांकि, 5,000 रुपये से अधिक की रकम के लिए यूपीआई पिन दर्ज करना जरूरी होगा। इस व्यवस्था से सुविधा के साथ भुगतान की सुरक्षा बनाए रखने की कोशिश की गई है।
MyUPI से एक जगह दिखेंगे लेनदेन
MyUPI को कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित ग्राहक सहायता और नियंत्रण मंच के रूप में पेश किया गया है। यह एनपीसीआई के छोटे भाषा मॉडल ‘FiMI’ पर आधारित है। इसके जरिए अलग-अलग बैंक खातों और यूपीआई ऐप्स से जुड़े लेनदेन तथा ऑटो-पे निर्देशों की जानकारी एक ही जगह देखी जा सकेगी। इसमें सुरक्षा स्विच की सुविधा भी है। धोखाधड़ी या खाते के साथ छेड़छाड़ का संदेह होने पर उपयोगकर्ता एक क्लिक से सभी यूपीआई डेबिट रोक सकता है।