इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में ब्राह्मण प्रबुद्ध समागम में ब्राह्मण समाज के लोगों ने पूर्व डिप्टी सीएम और भाजपा सांसद दिनेश शर्मा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ब्राह्मण प्रबुद्ध समागम में यूजीसी मुद्दे पर नहीं बोलने पर ब्राह्मण समाज नाराज हो गया। वह कुछ ही देर बोल पाए थे कि हंगामा शुरू हो गया। हंगामा और हूटिंग के बीच उन्होंने अपना भाषण अधूरा छोड़ दिया और भारत माता की जय के नारे लगाते हुए मंच पर आकर बैठ गए।
मंच से जल्दी नीचे आ गया
वहीं, इस मसले पर बाद में दिनेश शर्मा ने बताया कि मुझे होली के कार्यक्रम में जाना था, इसलिए मंच से जल्दी नीचे आ गया। इस कार्यक्रम में विभिन्न दलों के ब्राह्मण नेता शामिल हुए। पूर्व डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा के अलावा पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्रा, यूपी कांग्रेस के प्रभारी अविनाश पांडेय, कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय आदि पहुंचे थे।
कार्यक्रम में निलंबित पीसीएस अफसर अलंकार अग्निहोत्री भी पहुंचे। वह बोलने लगे तो उन्हें जनता ने नहीं, आयोजकों ने चुप करा दिया। आयोजकों ने कहा, राजनीतिक, मंदिर-चंदा जैसी बातें मत बोलिए, मुद्दे पर बोलिए। इस पर उन्हें सुन रहे लोगों ने अलंकार के समर्थन में नारेबाजी कर हंगामा कर दिया।
डिप्टी सीएम बृजेश पाठक भी पहुंचे
इसके बाद अलंकार भाषण रोककर, हाथ में फरसा लहराते हुए मंच से उतर गए। अलंकार के जाने के बाद कार्यक्रम में डिप्टी सीएम बृजेश पाठक भी पहुंचे। हालांकि वो भी कुछ ही देर में आयोजन स्थल से निकल गए। कार्यक्रम से निकलते हुए डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि हमारी सरकार हमेशा ब्राह्मणों के साथ खड़ी है। सभी ब्राह्मणों की चिंता पार्टी और सरकार कर रही है। ब्राह्मण समाज के मन में जो बेचैनी है, हम उसे समझ रहे हैं। समाज के लोगों को भरोसा दिलाते हैं कि उनके साथ कहीं भी गलत नहीं होगा। उनके साथ हम हमेशा खड़े रहेंगे। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका ध्यान के आधार पर सबको साथ लेकर चला जाएगा।डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक मंच पर सबसे आखिर में पहुंचे। हालांकि, इस दौरान हॉल लगभग खाली हो चुका था।