टेबल टेनिस प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। शुक्रवार 21 नवंबर से 23 नवंबर 2025 तक नोएडा इंडोर स्टेडियम (सेक्टर-21A) में 72वीं ‘स्टैग ग्लोबल’ उत्तर प्रदेश स्टेट रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप का आयोजन हो रहा है। यह चैंपियनशिप स्वर्गीय मनोहर खिलनानी की स्मृति में आयोजित की जा रही है। आयोजन गौतम बुद्ध नगर डिस्ट्रिक्ट टेबल टेनिस एसोसिएशन द्वारा किया जा रहा है और मुख्य प्रायोजक स्टैग ग्लोबल है। तीन दिनों तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में कुल 5 लाख नकद इनामी राशि दी जाएगी। पूरे उत्तर प्रदेश से लगभग 400 खिलाड़ी (लड़के-लड़कियां दोनों) हिस्सा लेंगे और करीब 550 मुकाबले खेले जाएंगे।
सौम्या सिन्हा डिप्टी रेफरी की जिम्मेदारी संभालेंगी
चैंपियनशिप में सभी सिंगल्स कैटेगरी के इवेंट होंगे। इनमें पुरुष, महिला, यूथ (अंडर-19), जूनियर (अंडर-17), सब-जूनियर (अंडर-15), कैडेट (अंडर-13) और होप्स (अंडर-11) वर्ग शामिल हैं। हर दिन दो सेशन में मैच होंगे – सुबह 8:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक और दोपहर 2:30 बजे से रात 8:30 बजे तक। सभी फाइनल मुकाबले 23 नवंबर को दोपहर 1:30 बजे से खेले जाएंगे।टूर्नामेंट के चीफ रेफरी लखनऊ से इंटरनेशनल अंपायर आकाश यादव होंगे, जबकि वाराणसी की इंटरनेशनल अंपायर सौम्या सिन्हा डिप्टी रेफरी की जिम्मेदारी संभालेंगी।
टॉप रैंकिंग खिलाड़ियों ने अपनी एंट्री कन्फर्म कर दी है
आयोजन सचिव मृदुल खिलनानी ने बताया कि राज्य के सभी टॉप रैंकिंग खिलाड़ियों ने अपनी एंट्री कन्फर्म कर दी है और स्टेडियम में 12 विश्वस्तरीय टेबल्स लगाई गई हैं।यूपी टेबल टेनिस एसोसिएशन के निदेशक अरुण कुमार बनर्जी ने बताया कि इस बार ₹1.29 लाख तक का स्पॉन्सरशिप भी प्राप्त हो चुका है। टॉप सीडेड खिलाड़ियों में पुरुष वर्ग में दिव्यांश श्रीवास्तव (लखनऊ), महिला वर्ग में आरती चौधरी (गाजियाबाद), यूथ बॉयज़ में मौलिक चतुर्वेदी (आगरा) और होप्स बॉयज़ में गौतम बुद्ध नगर के आर्यवीर बोहरा शामिल हैं। टेबल टेनिस प्रेमियों के लिए यह तीन दिन का शानदार खेल आयोजन देखने का मौका है। स्टेडियम में दर्शकों के लिए प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा।