UPTET 2026 Result Released Soon: उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET) 2026 का परिणाम जल्द घोषित होने की संभावना है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) इस महीने किसी भी समय रिजल्ट जारी कर सकता है। हालांकि आयोग ने अभी तक आधिकारिक तिथि की घोषणा नहीं की है, लेकिन मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिणाम जारी करने की तैयारियां अंतिम चरण में बताई जा रही हैं। रिजल्ट जारी होने के बाद अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट upessc.up.gov.in पर जाकर अपना स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सकेंगे।
ऑनलाइन डाउनलोड कर सकेंगे स्कोरकार्ड
रिजल्ट घोषित होने के बाद उम्मीदवार अपने पंजीकरण नंबर और पासवर्ड या निर्धारित लॉगिन विवरण की मदद से स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। स्कोरकार्ड में प्राप्त अंक, पात्रता की स्थिति और परीक्षा से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध होगी। परीक्षा में सफल होने वाले अभ्यर्थियों को पात्रता प्रमाणपत्र भी जारी किया जाएगा, जिसकी वैधता राष्ट्रीय शिक्षक शिक्षा परिषद (NCTE) के नियमों के अनुसार आजीवन रहेगी।
यह भी देखेंःNational Handloom Day: राष्ट्रीय हैंडलूम दिवस पर प्रधानमंत्री का संदेश, स्वदेशी को अपनाने की फिर की अपील
17.7 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने दी थी परीक्षा
UPTET 2026 का आयोजन 2 से 4 जुलाई के बीच उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में ऑफलाइन मोड में कराया गया था। प्राथमिक (कक्षा 1 से 5) और उच्च प्राथमिक (कक्षा 6 से 8) स्तर के लिए आयोजित इस परीक्षा में 17.7 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने भाग लिया। परीक्षा की अनंतिम उत्तर कुंजी 8 जुलाई को जारी की गई थी और अभ्यर्थियों को 14 जुलाई तक आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर दिया गया था।
अंकन योजना और कटऑफ
परीक्षा में प्रत्येक सही उत्तर के लिए एक अंक निर्धारित किया गया है, जबकि गलत या अनुत्तरित प्रश्नों के लिए कोई अंक नहीं काटा जाएगा। सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 90 अंक (60 प्रतिशत) तथा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, पूर्व सैनिक और दिव्यांग श्रेणी के लिए 82 अंक (55 प्रतिशत) निर्धारित किए गए हैं। हालांकि UPTET केवल शिक्षक भर्ती के लिए न्यूनतम पात्रता परीक्षा है। परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद भी अभ्यर्थियों को भविष्य में जारी होने वाली शिक्षक भर्ती प्रक्रियाओं में अलग से आवेदन और चयन प्रक्रिया में शामिल होना होगा।