यूरोपियन कमीशन की प्रेसिडेंट उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने इजरायल-लेबनान संघर्ष में घोषित दस दिन के युद्धविराम का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि डोनाल्ड ट्रंप की मध्यस्थता से हुआ, यह सीजफायर शांति की दिशा में एक सकारात्मक कदम है।
दस दिन के सीजफायर की घोषणा का स्वागत
यूरोपियन कमीशन की प्रेसिडेंट उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा, मैं राष्ट्रपति ट्रंप की मध्यस्थता में हुई इजरायल और लेबनान के बीच दस दिन के सीजफायर की घोषणा का स्वागत करती हूं। यह एक राहत की बात है, क्योंकि इस संघर्ष में पहले ही बहुत ज्यादा जानें जा चुकी हैं।
पूर्ण सम्मान की मांग करता रहेगा
प्रेसिडेंट उर्सुला ने आगे कहा, अब हमें सिर्फ एक अस्थायी युद्धविराम की नहीं, बल्कि स्थायी शांति के रास्ते की जरूरत है। यूरोप, लेबनान की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के पूर्ण सम्मान की मांग करता रहेगा। हम, पर्याप्त मानवीय सहायता के जरिए लेबनान के लोगों का समर्थन करते रहेंगे।
दोनों देशों के बीच दस दिनों के युद्धविराम पर सहमति
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ आउन और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ बातचीत के बाद संघर्षविराम और स्थायी शांति की दिशा में बड़ी पहल का दावा किया है। उन्होंने बताया कि दोनों देशों के बीच दस दिनों के युद्धविराम पर सहमति बनी है।
इजरायल के पीएम नेतन्याहू के साथ बहुत ही बेहतरीन बातचीत
ट्रंप ने कहा, दुनिया भर में नौ युद्धों को सुलझाना मेरे लिए एक सम्मान की बात रही है; यह मेरा 10वां प्रयास है। ट्रंप ने सोशल मीडिया अकाउंट ट्रुथ सोशल पर बताया, अभी-अभी मेरी लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ आउन और इजरायल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू के साथ बहुत ही बेहतरीन बातचीत हुई। इन दोनों नेताओं ने इस बात पर सहमति जताई है कि अपने देशों के बीच शांति स्थापित करने के लिए वे ईएसटी समय के अनुसार शाम पांच बजे से औपचारिक रूप से दस दिनों के सीजफायर (युद्धविराम) की शुरुआत करेंगे।