US attack Venezuela: वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तनाव और गहरा गया है। अमेरिका द्वारा वेनेजुएला में सैन्य कार्रवाई और मादुरो को हिरासत में लेने के दावों के बीच अब उत्तर कोरिया के मिसाइल लॉन्च ने स्थिति को और संवेदनशील बना दिया है। शनिवार को उत्तर कोरिया ने पूर्वी सागर की ओर कई संदिग्ध बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं, जिसके बाद अमेरिका, दक्षिण कोरिया और जापान अलर्ट मोड में आ गए हैं। इस घटनाक्रम से वैश्विक राजनीति में नई हलचल देखने को मिल रही है।
अमेरिका ने दी प्रतिक्रिया
अमेरिकी इंडो-पैसिफिक कमांड ने उत्तर कोरिया के मिसाइल लॉन्च की पुष्टि करते हुए कहा है कि वह सहयोगी देशों के साथ मिलकर स्थिति पर नजर बनाए हुए है। अमेरिकी बयान में कहा गया कि शुरुआती आकलन के मुताबिक इन मिसाइलों से फिलहाल अमेरिका, उसके सहयोगियों या क्षेत्रीय सुरक्षा को कोई तात्कालिक खतरा नहीं है। वहीं, दक्षिण कोरिया की सेना के अनुसार यह इस साल उत्तर कोरिया का पहला हथियार परीक्षण है। मिसाइलें प्योंगयांग के आसपास के इलाकों से सुबह के समय दागी गईं, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने निगरानी बढ़ा दी है।
यह भी देखेंःUS-Venezuela clash: अमेरिका–वेनेजुएला टकराव, एयरस्ट्राइक के बाद डोनाल्ड ट्रंप का दावा, 'राष्ट्रपति मादुरो और उनकी पत्नी को कब्जे में लिया !
किम जोंग उन की चेतावनी
इस पूरे घटनाक्रम को वेनेजुएला संकट से जोड़कर देखा जा रहा है। उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने मादुरो की गिरफ्तारी पर नाराजगी जताते हुए उन्हें अपना करीबी बताया है और अमेरिका से उनकी रिहाई की मांग की है। किम जोंग उन की ओर से चेतावनी दी गई है कि अगर मादुरो को रिहा नहीं किया गया तो इसके गंभीर अंतरराष्ट्रीय परिणाम हो सकते हैं। जानकारों का मानना है कि वेनेजुएला, कोरियाई प्रायद्वीप और अमेरिका से जुड़े इन घटनाक्रमों ने वैश्विक तनाव को एक बार फिर खतरनाक मोड़ पर ला खड़ा किया है।