US Canada Tariff War : अमेरिका और कनाडा के बीच चल रहा व्यापारिक विवाद अब और गहरा गया है। दोनों देशों के बीच कई दौर की बातचीत के बाद भी कोई समझौता नहीं हो सका। अंतिम समय तक समाधान निकालने की कोशिश हुई, लेकिन बातचीत बेनतीजा रही। इसके बाद अमेरिका ने कनाडा से आने वाले कुछ उत्पादों पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाने की तैयारी तेज कर दी है।
20 अरब डॉलर के उत्पाद होंगे प्रभावित
अमेरिकी योजना के तहत करीब 20 अरब डॉलर मूल्य के कनाडाई सामान पर नया आयात शुल्क लगाया जा सकता है। इन उत्पादों में रोजमर्रा के उपयोग की वस्तुओं से लेकर औद्योगिक और मेडिकल इस्तेमाल का सामान भी शामिल है। हालांकि यह कनाडा के कुल अमेरिकी निर्यात का छोटा हिस्सा है, लेकिन इसका असर कई उद्योगों और कारोबारियों पर पड़ सकता है।
अमेरिका ने क्या कहा?
अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीर ने कहा कि कनाडा पहले से तय शर्तों के आधार पर समझौते को अंतिम रूप देने के लिए तैयार नहीं हुआ। अमेरिका का दावा है कि उसने कनाडा को बेहतर व्यापारिक शर्तें देने का प्रस्ताव रखा था। इसके बावजूद दोनों पक्ष किसी साझा सहमति तक नहीं पहुंच सके।
ये भी पढ़ें : Gujrat से Bihar का सफर होगा आसान, 26 अगस्त से दौड़ेगी नई Amrit Bharat Express, जानिए पूरा रूट
कनाडा ने जताई नाराजगी
कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने अमेरिकी प्रस्ताव में आखिरी समय पर किए गए बदलावों पर आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि इन बदलावों से समझौते की विश्वसनीयता प्रभावित हुई और कनाडाई हितों को नुकसान पहुंच सकता था। इसी वजह से दोनों देशों के बीच सहमति नहीं बन सकी।
880 अरब डॉलर का है कारोबार
अमेरिका और कनाडा दुनिया के सबसे बड़े व्यापारिक साझेदारों में शामिल हैं। पिछले साल दोनों देशों के बीच करीब 880 अरब डॉलर के सामान और सेवाओं का कारोबार हुआ था। ऐसे में किसी भी नए टैरिफ का असर केवल व्यापार तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आर्थिक और राजनीतिक संबंधों पर भी पड़ सकता है।
अब सबकी नजर अगले कदम पर
अमेरिका पहले इन टैरिफ को तुरंत लागू करना चाहता था, लेकिन बातचीत के लिए समय देने के मकसद से तीन दिन की अतिरिक्त मोहलत दी गई थी। इसके बावजूद समझौता नहीं हो पाया। अब कनाडाई निर्यातकों के सामने 50 प्रतिशत टैरिफ का खतरा खड़ा है। आने वाले दिनों में दोनों देशों के बीच नई बातचीत होती है या विवाद और बढ़ता है, इस पर वैश्विक बाजारों की नजर बनी रहेगी।