पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद इन दिनों महज़ एक शहर नहीं, बल्कि वैश्विक ताकतों के टकराव का मंच बन गया है। अमेरिका और ईरान के बीच होने वाली शांति वार्ता से पहले ही धमकियों, सैन्य हलचल और बैकडोर रणनीतियों ने माहौल को बेहद तनावपूर्ण बना दिया है। एक तरफ बातचीत की मेज सज रही है, तो दूसरी तरफ हमले और ताकत का प्रदर्शन इस पूरी प्रक्रिया को संदेह और साजिशों से घेर रहा है।
पाकिस्तान में हाई-वोल्टेज एंट्री
अमेरिकी उपराष्ट्रपति JD Vance के नेतृत्व में US डेलीगेशन रावलपिंडी के नूर खान एयरबेस पर उतरा। यहां से उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच इस्लामाबाद ले जाया गया। वहीं ईरानी प्रतिनिधिमंडल पहले ही पहुंच चुका था, जिसकी अगुवाई Mohammad Bagher Ghalibaf कर रहे हैं। दोनों पक्ष पहले अलग-अलग पाकिस्तान के प्रधानमंत्री Shehbaz Sharif से मुलाकात करेंगे, फिर आमने-सामने बातचीत होगी।
बातचीत से पहले धमकी का साया
अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump ने साफ चेतावनी दी है कि अगर बातचीत विफल रही, तो ईरान पर अब तक का सबसे घातक हमला किया जाएगा। इस बयान ने वार्ता से पहले ही दबाव बना दिया है। दूसरी ओर, ईरान ने भी संकेत दिए हैं कि वह झुकने के मूड में नहीं है, जिससे ये बातचीत किसी भी वक्त टकराव में बदल सकती है।
मिडिल ईस्ट में बढ़ती हलचल
वार्ता के समानांतर पश्चिम एशिया में सैन्य गतिविधियां तेज हो गई हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक अमेरिका 1500 से 2000 सैनिक तैनात करने की तैयारी में है। वहीं लेबनान और इजरायल के बीच हमले जारी हैं, जिससे यह साफ है कि जमीन पर हालात बातचीत के उलट दिशा में जा रहे हैं। ऐसे में इस वार्ता की सफलता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
होर्मुज बना सबसे बड़ा दांव
इस पूरी बातचीत में सबसे बड़ा मुद्दा स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बनकर उभरा है। ईरान इस पर नियंत्रण और टोल की बात कर रहा है, जबकि अमेरिका इसे खुला रखने की मांग कर रहा है। यही वह बिंदु है, जहां से पूरी वार्ता की दिशा तय हो सकती है। अगर यहां सहमति नहीं बनी, तो टकराव और गहरा सकता है।
परदे के पीछे की साजिशें और शक्ति संतुलन
सूत्रों के अनुसार, चीन द्वारा ईरान को एयर डिफेंस सिस्टम देने की चर्चा और रूस का समर्थन इस पूरे समीकरण को और जटिल बना रहा है। यह सिर्फ शांति वार्ता नहीं, बल्कि वैश्विक शक्ति संतुलन का खेल बन चुका है। पाकिस्तान की भूमिका भी सिर्फ मेजबान की नहीं, बल्कि एक रणनीतिक खिलाड़ी की तरह देखी जा रही है।