US Iran War Donald Trump ---अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर खतरनाक मोड़ पर पहुंचता नजर आ रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिकी सेना ने ईरान के अहम तेल ठिकाने खार्ग आइलैंड को निशाना बनाकर बड़ा हमला किया है। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी साझा किया, जिसके साथ उन्होंने द्वीप के पूरी तरह तबाह होने का दावा किया। इस बीच ईरान की ओर से भी जवाबी कार्रवाई की बात सामने आई है।
खार्ग आइलैंड को लेकर ट्रंप का बड़ा दावा
डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को खार्ग आइलैंड पर अमेरिकी हमले का दावा किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए कहा कि खार्ग द्वीप के पूरी तरह परखच्चे उड़ गए हैं। हालांकि, साझा किए गए वीडियो के एनिमेटेड होने की बात सामने आ रही है। ट्रंप के इस दावे के बाद अमेरिका और ईरान के बीच तनाव और बढ़ गया है।
ईरान के ठिकानों पर अमेरिका की कार्रवाई
अमेरिकी सेना ने रविवार को ईरान के लारक द्वीप पर मौजूद दो लॉन्चरों को निशाना बनाने की जानकारी दी। अमेरिकी सेंट्रल कमांड के प्रवक्ता टिम हॉकिन्स के मुताबिक, आईआरजीसी के जवानों को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में समुद्री बारूदी सुरंगों के साथ रॉकेट लॉन्च करने की तैयारी करते हुए देखा गया था। इसके बाद अमेरिकी सेना ने कार्रवाई की।
ईरान ने भी दिया जवाब
अमेरिकी हमले के बाद ईरान की ओर से जवाबी कार्रवाई का दावा किया गया है। ईरान के आईआरजीसी ने कहा कि लारक द्वीप पर अमेरिकी हमले के बाद उसने जॉर्डन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। वहीं जॉर्डन की सेना ने बताया कि उसके हवाई क्षेत्र में दाखिल हुईं आठ मिसाइलों को रोक दिया गया।
होर्मुज पर बढ़ी दुनिया की नजर
अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर भी पड़ सकता है। यह समुद्री मार्ग अंतरराष्ट्रीय व्यापार और तेल आपूर्ति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। अमेरिकी सेना ने कहा है कि वह इस क्षेत्र पर करीबी नजर बनाए हुए है और व्यापारिक जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए तैयार है।
तनाव बढ़ने से बढ़ी चिंता
अमेरिका और ईरान के बीच लंबे समय तक चले संघर्ष के बाद हालात शांत हुए थे, लेकिन अब दोनों देशों के बीच फिर तनाव बढ़ता दिख रहा है। अमेरिकी हमले और ईरान की जवाबी कार्रवाई के दावों के बीच आने वाले दिनों में स्थिति किस दिशा में जाती है, इस पर पूरी दुनिया की नजर बनी हुई है।