अमेरिका में परमाणु और स्पेस रिसर्च से जुड़े वैज्ञानिकों की रहस्यमयी मौत और गुमशुदगी के मामलों ने गंभीर चिंता पैदा कर दी है। पिछले तीन वर्षों में ऐसे 10 मामले सामने आए हैं, जिनमें विशेषज्ञ या तो अचानक लापता हो गए या संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए। इस पूरे घटनाक्रम ने सुरक्षा एजेंसियों और सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब इस मामले पर आधिकारिक जांच की मांग भी तेज हो गई है।
तीन साल में 10 रहस्यमयी मामले
साल 2023 से अब तक सामने आए मामलों में पांच वैज्ञानिकों की मौत और पांच के लापता होने की घटनाएं शामिल हैं। यह सभी लोग उच्च सुरक्षा वाले रिसर्च प्रोग्राम से जुड़े थे। एक जैसे पैटर्न और परिस्थितियों ने इन मामलों को और अधिक संदिग्ध बना दिया है।
व्हाइट हाउस की प्रतिक्रिया
व्हाइट हाउस की ओर से पहली बार इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया दी गई है। प्रेस सचिव ने कहा कि यदि ये घटनाएं तथ्यात्मक रूप से सही हैं, तो निश्चित रूप से इनकी जांच की जाएगी। हालांकि, इस जवाब के बाद लोगों में असंतोष भी देखने को मिला है।
हाई-सिक्योरिटी संस्थानों से जुड़े थे वैज्ञानिक
लापता और मृत पाए गए वैज्ञानिक अमेरिका के प्रमुख रिसर्च संस्थानों से जुड़े बताए जा रहे हैं। ये संस्थान परमाणु हथियार, स्पेस टेक्नोलॉजी और उन्नत ऊर्जा परियोजनाओं पर काम करते हैं। ऐसे में इन घटनाओं का दायरा और गंभीरता बढ़ जाती है।
एक जैसा पैटर्न बढ़ा रहा शक
रिपोर्ट्स के अनुसार कई वैज्ञानिक अचानक अपने घरों से निकल गए और फिर कभी वापस नहीं लौटे। वे अपना फोन, वॉलेट और अन्य जरूरी सामान भी घर पर ही छोड़ गए थे। इस तरह के समान पैटर्न ने इन घटनाओं को और रहस्यमय बना दिया है।
चर्चित केस और बढ़ती जांच की मांग
हाल ही में एक रिटायर्ड एयर फोर्स अधिकारी के गायब होने का मामला काफी चर्चा में रहा। इसके अलावा कई अन्य वैज्ञानिकों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी मौत या गुमशुदगी ने जांच एजेंसियों के लिए चुनौती खड़ी कर दी है। अब इस पूरे मामले की गहन जांच की मांग उठ रही है।