शेयर मार्केट में एक बार फिर तेजी का दौर शुरू हो रहा है. बुधवार को लगातार दूसरे दिन शेयर बाजार में तूफानी तेजी देखने को मिली है. बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स इंडेक्स जैस ही खुला मानो रॉकेट की रफ्तार पकड़ ली है. जो कि सीधा 400 अंक से ज्यादा उछलकर कारोबार करता हुआ नजर आया. दूसरी तरफ नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 100 अंक से ज्यादा की उछाल के साथ ट्रेड करता दिखाई दिया. वहीं बाजार में ये तेजी अमेरिका से आ रही खबरों के बाद शुरू हुई हैं, जिनमें कहा जा रहा है कि अब तक का सबसे लंबा US Shutdown अब खत्म होने वाला है.
सेंसेक्स और निफ्टी में खुलते ही दिखी तेजी
शेयर मार्केट की ओपनिंग पर बीएसई का सेंसेक्स अपनी ओपनिंग के साथ ही एक बार फिर 84,000 का लेवल पार कर गया. इसने अपने पिछले बंद 83,871 की तुलना में रफ्तार पकड़ कर 84,238 पर ट्रेडिंग शुरू की. इसके बाद इसकी शुरुआती तेजी कुछ ही मिनटों में और भी तेज हो गई और BSE Sensex 450 अंक के आसपास चढ़कर 84,342 पर कारोबार करता दिखा. वहीं सेंसेक्स की तरह ही एनएसई का निफ्टी इंडेक्स भी अपने पिछले कारोबारी बंद 25,694 के मुकाबले 25,834.30 के स्तर पर खुला और फिर और चढ़कर 25,800 के पार निकल गया.
मंगलवार को भी दिखाई दी थी जबरदस्त तेजी
बीते कारोबारी दिन भी शेयर मार्केट में जबरदस्त तेजी दिखाई दी थी. सेंसेक्स इंडेक्स 83,671.52 पर ओपन होने के बाद 335.97 अंक चढ़कर 83,871.32 पर बंद हो गया था. तो वहीं 50 शेयरों वाला निफ्टी इंडेक्स 25,617 पर खुलने के बाद जोरदार छलांग लगाकर कारोबार के दौरान 25,715 तक गया और अंत में 120.60 अंक चढ़कर 25,694.95 पर बंद हो गया था.
अमेरिकी सीनेट ने दी सरकारी खर्च को मंजूरी
भारत समेत दुनियाभर के शेयर बाजारों का सेंटीमेंट सुधरने के पीछे की बड़ी वजहों में एक अहम कारण अमेरिका में शटडाउन खत्म होने के संकेत हैं. दरअसल पिछले करीब 40 दिनों से जारी अमेरिका के इतिहास का सबसे लंबा शटडाउन अब खत्म होने के करीब पहुंच गया है. रिपोर्ट्स के अनुसार अमेरिकी सीनेट की ओर जनवरी 2026 तक के सरकारी खर्च को मंजूरी दिए जाने के पक्ष में मंजूरी मिल गई है. हालांकि इसको लेकर डेमोक्रेट्स की वापसी के बाद संसद में वोटिंग की जाएगी.