पिछले साल के आखिर में आई भारी गिरावट के बाद नए साल 2026 की शुरुआत सोना-चांदी के लिए धमाकेदार रही है। सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी MCX पर ओपनिंग के साथ ही कीमतों में तेज उछाल देखने को मिला। चांदी की कीमत एक झटके में 13 हजार रुपये से ज्यादा बढ़ गई, जबकि सोने के भाव भी 2400 रुपये से अधिक चढ़ते नजर आए। माना जा रहा है कि अमेरिका द्वारा वेनेजुएला पर की गई सैन्य कार्रवाई से बढ़े वैश्विक तनाव का सीधा असर कीमती धातुओं पर पड़ा है।
एक दिन में 13,000 रुपये से ज्यादा महंगी चांदी
सोमवार को MCX पर वायदा कारोबार शुरू होते ही 5 मार्च एक्सपायरी वाली चांदी में जबरदस्त तेजी देखी गई। बीते शुक्रवार को 1 किलो चांदी 2,36,316 रुपये पर बंद हुई थी, लेकिन सोमवार को शुरुआती कारोबार में ही यह उछलकर करीब 2,49,900 रुपये तक पहुंच गई। इस तरह एक ही दिन में चांदी करीब 13,484 रुपये महंगी हो गई। इतनी तेज़ बढ़त ने निवेशकों का ध्यान फिर से सिल्वर मार्केट की ओर खींच लिया है।
रिकॉर्ड स्तर से अभी भी नीचे चांदी
हालांकि सोमवार की इस तेज़ी के बावजूद चांदी अभी भी अपने ऑल-टाइम हाई से नीचे कारोबार कर रही है। इस साल की शुरुआत में चांदी का भाव 2,54,174 रुपये प्रति किलो तक पहुंचा था। मौजूदा स्तर की तुलना करें तो अभी भी चांदी करीब 4,200 रुपये सस्ती है। यानी हालिया उछाल के बाद भी इसमें आगे और बढ़त की गुंजाइश बनी हुई है।
ये भी पढ़ें : भारत पर Tariff बढ़ाने की Trump की नई चेतावनी, बोले- Modi मुझे खुश करना चाहते थे, Russia बना बड़ी वजह
सोना भी पीछे नहीं, कीमतों में जबरदस्त उछाल
चांदी के साथ-साथ सोने ने भी मजबूत तेजी दिखाई है। MCX पर 5 फरवरी एक्सपायरी वाले 24 कैरेट सोने का भाव पिछले कारोबारी दिन 1,35,761 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। सोमवार को बाजार खुलते ही सोने की कीमत बढ़कर लगभग 1,38,200 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गई। इस तरह सोने में करीब 2,439 रुपये की तेजी दर्ज की गई, जिसने निवेशकों को चौंका दिया।
क्यों बढ़े सोना-चांदी के दाम?
जब भी वैश्विक स्तर पर तनाव और अनिश्चितता बढ़ती है, निवेशक सुरक्षित निवेश विकल्पों की तलाश में निकलते हैं। ऐसे समय में सोना और चांदी को सबसे सुरक्षित ठिकाना माना जाता है। अमेरिका द्वारा वेनेजुएला पर की गई कार्रवाई से जियो-पॉलिटिकल टेंशन बढ़ी है, जिसका असर सीधे तौर पर कीमती धातुओं की मांग पर पड़ा। मांग बढ़ते ही इनके दामों में तेज उछाल देखने को मिला।
पहले से जताया जा रहा था तेजी का अंदेशा
अमेरिका के वेनेजुएला पर हमले के बाद ही बाजार विशेषज्ञों ने सोना-चांदी में तेजी की आशंका जतानी शुरू कर दी थी। बीते सप्ताह Ya Wealth के डायरेक्टर अनुज गुप्ता ने कहा था कि वेनेजुएला पर अमेरिकी कार्रवाई से जियो-पॉलिटिकल तनाव और गहराएगा और इसका असर कमोडिटी बाजार पर दिखेगा। उनका अनुमान था कि सोना, चांदी, कच्चा तेल और अन्य कमोडिटीज़ की शुरुआत तेजी के साथ होगी, और सोमवार को बाजार में वही तस्वीर नजर आई।
वेनेजुएला एक्शन से बढ़ी अनिश्चितता
गौरतलब है कि अमेरिका ने वेनेजुएला में कई ठिकानों पर हवाई हमले किए और सैन्य अभियान के तहत राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को हिरासत में लिया गया। वेनेजुएला के रक्षा मंत्री के अनुसार इस ऑपरेशन में मादुरो की सुरक्षा टीम को भी भारी नुकसान पहुंचा। इसी घटनाक्रम ने अंतरराष्ट्रीय बाजारों में डर और अनिश्चितता बढ़ाई, जिसका सीधा फायदा सोना-चांदी जैसी सुरक्षित संपत्तियों को मिला।