खुर्जा देहात थाना क्षेत्र में हुए विमला देवी हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए महिला आरोपी ममता को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी गांव-गांव घूमकर सेनेटरी पैड बेचने के बहाने घरों की रेकी करती थी और मौका मिलते ही लूटपाट की वारदात को अंजाम देती थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटे गए सोने के कुंडल, पाजेब और 6500 रुपये नकद बरामद किए हैं।
किसी को उस पर शक नहीं होता था
पुलिस के अनुसार, विमला देवी की हत्या लूट के इरादे से की गई थी। आरोपी ममता पहले घरों की स्थिति और परिवार के सदस्यों की जानकारी जुटाती थी। सेनेटरी पैड बेचने के नाम पर वह आसानी से घर-घर पहुंच जाती थी, जिससे किसी को उस पर शक नहीं होता था। इसी दौरान वह यह भी देखती थी कि किस घर में महिला अकेली रहती है और कहां वारदात को आसानी से अंजाम दिया जा सकता है।
नकदी लूटने का प्रयास किया
घटना वाले दिन भी ममता इसी योजना के तहत विमला देवी के घर पहुंची। उसने घर में रखे कान के कुंडल, पाजेब और नकदी लूटने का प्रयास किया। जब विमला देवी ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उनकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गई।
आरोपी महिला को गिरफ्तार
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए खुर्जा देहात थाना पुलिस और स्वाट टीम को जांच में लगाया गया। पुलिस ने सर्विलांस, स्थानीय सूचना और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया।
6500 रुपये नकद भी बरामद
पूछताछ में ममता ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने लूटे गए कुंडल, पाजेब और 6500 रुपये नकद भी बरामद कर लिए। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने पहले भी इस तरह की अन्य वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस खुलासे के बाद क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है।