पाकिस्तान के मिस्ट्री स्पिनर उस्मान तारिक एक बार फिर अपने गेंदबाजी एक्शन को लेकर चर्चा में हैं। इंग्लैंड की द हंड्रेड लीग में ट्रेंट रॉकेट्स और बर्मिंघम फीनिक्स के मुकाबले के दौरान उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज टिम डेविड को आउट किया। विकेट गंवाने के बाद डेविड ने अंपायर की तरफ देखकर नो-बॉल जैसा इशारा किया। इसे उस्मान के गेंदबाजी एक्शन पर सवाल के तौर पर देखा गया। अब पाकिस्तानी स्पिनर ने ऐसे इशारों को लेकर खुलकर नाराजगी जताई है।
‘फैसला करना बल्लेबाजों का काम नहीं’
उस्मान तारिक ने साफ कहा कि उनकी गेंदबाजी सही है या नहीं, इसका फैसला बल्लेबाज नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि मैदान पर अंपायर और मैच रेफरी इसी काम के लिए मौजूद हैं। अगर अधिकारी उन्हें गेंदबाजी करने की अनुमति दे रहे हैं तो बल्लेबाजों को उनके एक्शन पर फैसला सुनाने से बचना चाहिए। उस्मान का कहना है कि लगभग हर बार किसी बड़े बल्लेबाज को आउट करने के बाद उनके एक्शन पर सवाल उठने लगते हैं और यह उनके लिए निराश करने वाला है।
टॉम बैंटन भी उठा चुके हैं सवाल
टिम डेविड से पहले इंग्लैंड के बल्लेबाज टॉम बैंटन के साथ भी ऐसा मामला सामने आया था। दुबई में इंटरनेशनल टी20 लीग के दौरान बैंटन ने उस्मान की गेंदबाजी को लेकर इसी तरह का इशारा किया था। उस्मान के मुताबिक तब उन्होंने बैंटन को आउट करने के बाद अपनी नाराजगी जाहिर कर दी थी। इस साल ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन भी एक टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले के दौरान उनके गेंदबाजी एक्शन को लेकर सवाल उठाते दिखाई दिए थे।
संदिग्ध एक्शन के लिए हो चुके हैं रिपोर्ट
उस्मान तारिक का गेंदबाजी एक्शन पहले आधिकारिक जांच के दायरे में भी आ चुका है। पाकिस्तान सुपर लीग के दौरान उनके एक्शन को संदिग्ध बताते हुए रिपोर्ट किया गया था। हालांकि बाद में आईसीसी की जांच में उनके एक्शन को वैध पाया गया और उन्हें गेंदबाजी जारी रखने की अनुमति मिल गई। इसके बावजूद उनके अलग तरह के रन-अप और गेंद छोड़ने के तरीके को लेकर चर्चा लगातार होती रही है।
अश्विन भी कर चुके हैं उस्मान का बचाव
भारत के दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन भी उस्मान तारिक के गेंदबाजी एक्शन का समर्थन कर चुके हैं। अश्विन का कहना रहा है कि उस्मान का रन-अप और गेंद डालने का तरीका सामान्य स्पिनरों से अलग जरूर दिखाई देता है, लेकिन सिर्फ अलग दिखने का मतलब ये नहीं कि वह नियमों के खिलाफ है। अश्विन ने उनकी गेंदबाजी को मुश्किल कला बताते हुए कहा था कि इस तरह गेंदबाजी करना आसान नहीं है।
इसे भी पढ़ें : फिल्मों के बाद फुटबॉल मैदान में Tiger Shroff, Mumbai FC से जुड़े; डूरंड कप में हो सकता है पेशेवर डेब्यू
‘टी20 में स्पिनरों पर कोई रहम नहीं’
उस्मान तारिक का कहना है कि टी20 क्रिकेट पहले ही स्पिन गेंदबाजों के लिए बेहद मुश्किल हो चुका है। बल्लेबाज लगातार बड़े शॉट खेलने की कोशिश करते हैं, इसलिए स्पिनरों को अपनी गेंदबाजी में नई विविधताएं जोड़नी पड़ती हैं। उस्मान ने कहा कि वह भी लगातार अपनी गेंदों पर मेहनत करते हैं और हर गेंद पर पूरा ध्यान लगाते हैं। उनका कहना है कि अब विकेट गिरने के बाद उनके एक्शन पर बार-बार सवाल उठाने का सिलसिला बंद होना चाहिए और गेंदबाजी की वैधता का फैसला मैदान पर मौजूद अधिकारियों पर छोड़ देना चाहिए।