दक्षिण चीन सागर से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। अमेरिका के सबसे बड़े विमानवाहक पोत यूएसएस निमित्ज़ (USS Nimitz) से मात्र 30 मिनट के अंदर दो एयरक्राफ्ट — एक फाइटर जेट और एक हेलीकॉप्टर — दुर्घटनाग्रस्त हो गए। दोनों घटनाओं में किसी की जान नहीं गई, लेकिन इससे अमेरिका की नौसैनिक ताकत पर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है, जबकि यह इलाका चीन-अमेरिका के बीच तनाव का केंद्र बना हुआ है।
30 मिनट में दो हादसे, समुद्र में हड़कंप
रविवार दोपहर दक्षिण चीन सागर में यूएस नेवी के विशाल युद्धपोत यूएसएस निमित्ज़ से महज आधे घंटे के अंदर दो विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गए। पहला हादसा तब हुआ जब एक एमएच-60आर सी हॉक हेलीकॉप्टर समुद्र में गिर गया। उसमें मौजूद तीनों क्रू मेंबर को सर्च एंड रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित बचा लिया। इसके करीब 30 मिनट बाद एफ/ए-18एफ सुपर हॉर्नेट फाइटर जेट भी ऑपरेशन के दौरान क्रैश हो गया। दोनों पायलटों ने समय रहते इजेक्ट कर लिया और वे भी सुरक्षित हैं।
क्यों हुआ हादसा? तकनीकी खराबी या मौसम का असर?
नेवी ने आधिकारिक तौर पर कहा है कि हादसों की जांच शुरू हो गई है। शुरुआती आशंका के मुताबिक यह किसी तकनीकी खराबी, मौसम की गड़बड़ी या मानवीय त्रुटि के कारण हो सकता है।
यह क्षेत्र वैसे भी सुपर सेंसिटिव माना जाता है, क्योंकि यहां चीन और अमेरिका की नौसेनाएं अक्सर आमने-सामने रहती हैं। इसलिए हादसे के बाद राजनीतिक और सामरिक हलकों में हलचल बढ़ गई है।
यूएसएस निमित्ज़: 50 साल पुराना समुद्री दिग्गज
यूएसएस निमित्ज़ को 1975 में अमेरिकी नौसेना में शामिल किया गया था। यह अपने वर्ग का पहला सुपर कैरियर है और दशकों तक अमेरिका की समुद्री ताकत का प्रतीक रहा है।
वर्तमान में यह अपने आखिरी मिशन पर है और 2026 में इसे रिटायर किया जाएगा। हाल के वर्षों में इस युद्धपोत पर कई तकनीकी चुनौतियां सामने आई हैं, जो इसके रखरखाव की स्थिति पर सवाल खड़े करती हैं।
पहले भी हो चुके हैं हादसे
अमेरिकी नौसेना के अन्य जहाजों पर भी हाल में कई दुर्घटनाएं हुई हैं, जिनमें फाइटर जेट और हेलीकॉप्टर क्रैश शामिल हैं। इन घटनाओं ने अमेरिका की नेवी में तकनीकी मानकों और मेंटेनेंस पर गंभीर चर्चा छेड़ दी है।