Rain Alert : उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता अभी बनी हुई है। मौसम विभाग ने 10 सितंबर को राज्य के कई हिस्सों में बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। देहरादून समेत कुछ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही कई स्थानों पर गरज-चमक और आकाशीय बिजली के साथ तेज बारिश हो सकती है.
पांच जिलों में ज्यादा बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक देहरादून, टिहरी, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। नैनीताल में भी आज गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट दर्ज किया गया है.
देहरादून में भी मौसम रहेगा खराब
राजधानी देहरादून में आज आसमान में बादल छाए रहने और बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है. IMD के अनुसार यहां गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। अगले कुछ दिनों तक भी बारिश का दौर बने रहने का अनुमान है.
पहाड़ी इलाकों में सावधानी जरूरी
लगातार बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क पर मलबा आने, भूस्खलन और छोटे नदी-नालों में अचानक पानी बढ़ने जैसी स्थिति बन सकती है. ऐसे में लोगों को मौसम खराब होने के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और नदी-नालों के आसपास न जाने की सलाह दी गई है.
14 सितंबर तक रह सकता है बारिश का असर
मौसम विभाग के मुताबिक 10 सितंबर से शुरू हुआ बारिश का दौर अगले कुछ दिनों तक जारी रह सकता है. 11 और 12 सितंबर को भी कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है. ऐसे में स्थानीय प्रशासन और लोगों को मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने की जरूरत है.