आईपीएल 2026 में अपने धमाकेदार प्रदर्शन से चर्चा में आए वैभव सूर्यवंशी और आयुष म्हात्रे को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। इन दोनों खिलाड़ियों को बीसीसीआई की अंडर-25 टीम में जगह नहीं मिली है। जैसे ही यह लिस्ट सामने आई, फैंस के बीच हैरानी और सवाल दोनों बढ़ गए। क्योंकि इन दोनों को टीम इंडिया का भविष्य माना जा रहा था, ऐसे में चयन से बाहर होना चर्चा का बड़ा विषय बन गया है।
क्या है बीसीसीआई का नया प्लान
दरअसल भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड आईपीएल के बाद बेंगलुरु के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में एक खास रेड बॉल टूर्नामेंट आयोजित करने जा रहा है। इस टूर्नामेंट का मकसद अगली पीढ़ी के टेस्ट स्टार खिलाड़ियों की पहचान करना है। इसमें 64 युवा खिलाड़ियों को मौका दिया जाएगा। चार टीमों के बीच चार दिवसीय मुकाबले खेले जाएंगे और चयनकर्ता इन खिलाड़ियों पर नजर रखेंगे। यह पूरा टूर्नामेंट भविष्य के टेस्ट क्रिकेट को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
चयन प्रक्रिया कैसे होगी
इस टूर्नामेंट के लिए कुल 64 खिलाड़ियों का चयन होना है, जिसमें 25 खिलाड़ी सीके नायडू और अंडर-23 वनडे टीम से होंगे। वहीं 25 खिलाड़ी रणजी ट्रॉफी, विजय हजारे और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी से चुने जाएंगे। इसके अलावा 14 खिलाड़ियों का चयन आईपीएल प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा। यही वजह है कि अभी जारी अंडर-25 लिस्ट में कुछ बड़े नाम नहीं दिख रहे हैं।
इसे भी पढ़ें : Bangladesh Cricket में बड़ा उलटफेर, Tamim Iqbal बने नए अध्यक्ष, जानिए पूरा क्रिकेट कनेक्शन !
क्यों बाहर हुए वैभव और आयुष
वैभव सूर्यवंशी और आयुष म्हात्रे इस लिस्ट से बाहर जरूर हैं, लेकिन इसकी वजह निराशाजनक नहीं बल्कि रणनीतिक है। दोनों खिलाड़ी इस समय आईपीएल में खेल रहे हैं और उनका चयन उन 14 खिलाड़ियों की अलग सूची में होने की संभावना है, जिन्हें सीधे आईपीएल प्रदर्शन के आधार पर चुना जाएगा। इसलिए उनके बाहर होने को नजरअंदाज करना जल्दबाजी होगी।
अंडर-25 टीम में कौन-कौन शामिल
बीसीसीआई की अंडर-25 टीम में कई युवा खिलाड़ियों को मौका दिया गया है, जिनमें आयुष दोसेजा, यश ढुल, मयंक वर्मा, शाश्वत रावत, महेश पिठिया, राज लिंभानी, आर्या देसाई और अन्य नाम शामिल हैं। इन खिलाड़ियों को रेड बॉल क्रिकेट में खुद को साबित करने का मौका मिलेगा। फिलहाल साफ है कि वैभव और आयुष की कहानी अभी खत्म नहीं हुई है। अगर आईपीएल में उनका प्रदर्शन दमदार रहा, तो वह जल्द ही बड़े मंच पर नजर आ सकते हैं। अब फैंस की नजर इस बात पर टिकी है कि क्या ये दोनों खिलाड़ी अगले चरण में अपनी जगह पक्की कर पाएंगे या नहीं।