अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में पाकिस्तान से मिली हार ने वैभव सूर्यवंशी को अंदर से झकझोर दिया। 14 साल की उम्र में इतना बड़ा मंच और फिर वहां हार, किसी भी युवा खिलाड़ी के लिए आसान नहीं होती। लेकिन इसी हार ने वैभव को बहुत कुछ सिखाया भी है। अब सवाल यही है कि उस दर्द के बाद वह दोबारा कब मैदान में उतरेंगे और अपना जवाब बल्ले से कब देंगे। फैंस की निगाहें अब उनके अगले मैच पर टिकी हैं।
विजय हजारे ट्रॉफी में होगी वापसी
एशिया कप फाइनल के बाद वैभव सूर्यवंशी का अगला मुकाबला भारत के सबसे बड़े घरेलू वनडे टूर्नामेंट विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में होगा। इस टूर्नामेंट के लिए उनका चयन बिहार की टीम में हुआ है और खास बात यह है कि उन्हें टीम का उपकप्तान भी बनाया गया है। इतनी कम उम्र में यह जिम्मेदारी मिलना बताता है कि टीम मैनेजमेंट को उनकी क्षमता पर पूरा भरोसा है। अब वैभव के पास मौका है कि वह निराशा को ताकत में बदलें।
बिहार का पूरा शेड्यूल आया सामने
विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में बिहार की टीम का शेड्यूल भी साफ हो चुका है। बिहार अपना पहला मुकाबला 24 दिसंबर को अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ खेलेगी। इसके बाद 26 दिसंबर को मणिपुर से भिड़ंत होगी। 29 दिसंबर को बिहार का सामना मेघालय से होगा। साल के आखिरी दिन यानी 31 दिसंबर को टीम नागालैंड के खिलाफ मैदान में उतरेगी। वहीं नए साल की शुरुआत 3 जनवरी को मिजोरम के खिलाफ मुकाबले से होगी। यानी वैभव के पास लगातार मैचों में खुद को साबित करने का पूरा मौका रहेगा।
इसे भी पढ़ें : Asia Cup फाइनल में टूटा भरोसा लेकिन Vaibhav के लिए आई ये बड़ी चेतावनी, पढ़ें
रिकॉर्डधारी युवा, दूसरी बार मैदान में
यह वैभव सूर्यवंशी का दूसरा विजय हजारे ट्रॉफी सीजन होगा। उन्होंने पिछले साल सिर्फ 13 साल की उम्र में इस टूर्नामेंट में डेब्यू किया था और ऐसा करने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बने थे। उस समय उन्होंने अली अकबर का रिकॉर्ड तोड़ा था। अब एक साल के अनुभव और अंतरराष्ट्रीय स्तर की सीख के साथ वैभव फिर लौट रहे हैं। एशिया कप की हार उनके लिए अंत नहीं, बल्कि एक नई शुरुआत है। अब देखना दिलचस्प होगा कि बिहार की जर्सी में वह किस तरह खुद को दोबारा साबित करते हैं और फैंस की उम्मीदों पर खरे उतरते हैं।