श्रीलंका के दांबुला में खेली जा रही ट्राई सीरीज के एक मुकाबले में इंडिया-ए को श्रीलंका-ए के खिलाफ सुपर ओवर में हार का सामना करना पड़ा। मैच खत्म होने के बाद मैदान पर ऐसा नजारा देखने को मिला जिसने सभी का ध्यान खींच लिया। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी श्रीलंकाई खिलाड़ियों से उलझ गए और गुस्से में एक खिलाड़ी को धक्का भी दे दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हार के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच कुछ देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
जश्न से नाराज हुए वैभव
रिपोर्ट्स के अनुसार, सुपर ओवर में हार के बाद श्रीलंका-ए के खिलाड़ी जोरदार अंदाज में जीत का जश्न मना रहे थे। माना जा रहा है कि इसी दौरान कुछ ऐसी बातें हुईं, जिससे वैभव सूर्यवंशी नाराज हो गए। उन्हें विरोधी खिलाड़ियों का आक्रामक जश्न पसंद नहीं आया और उन्होंने अपना आपा खो दिया। देखते ही देखते बहस बढ़ गई और वैभव ने एक खिलाड़ी को धक्का मार दिया। मामला और ज्यादा गंभीर हो सकता था, लेकिन साथी खिलाड़ी सूर्यांश शेड्गे ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाल लिया।
सजा का खतरा भी मंडराया
मैदान पर किसी खिलाड़ी को धक्का देना खेल भावना के खिलाफ माना जाता है। क्रिकेट के नियमों के तहत ऐसी हरकत पर कार्रवाई की जा सकती है। यदि मैच अधिकारियों ने इस घटना को नियमों का उल्लंघन माना, तो वैभव सूर्यवंशी पर जुर्माना लगाया जा सकता है। हल्के स्तर के मामले में चेतावनी, मैच फीस में कटौती और डीमेरिट अंक दिए जा सकते हैं। वहीं गंभीर स्थिति बनने पर खिलाड़ी को कुछ मैचों के लिए निलंबित भी किया जा सकता है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि मैच रेफरी इस मामले पर क्या फैसला लेते हैं।
इसे भी पढ़ें : Delhi BJP में बड़ा बदलाव तय! 80% पुराने चेहरे बाहर, युवाओं की एंट्री से MCD चुनाव से पहले बदलेगी पूरी तस्वीर
बल्ले से नहीं चला वैभव का जादू
मैच की बात करें तो वैभव सूर्यवंशी का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा। उन्होंने 14 गेंदों में 21 रन बनाए। हालांकि सूर्यांश शेड्गे ने शानदार 72 रन और विपराज निगम ने 51 रन की पारी खेलकर इंडिया-ए को 265 रन तक पहुंचाया। जवाब में श्रीलंका-ए ने भी 50 ओवर में 265 रन बनाकर मुकाबला बराबरी पर खत्म किया। इसके बाद मैच का फैसला सुपर ओवर से हुआ। श्रीलंका-ए ने सुपर ओवर में 16 रन बनाए, जबकि भारतीय टीम सिर्फ 9 रन ही बना सकी। हार के बाद मैदान पर हुआ विवाद इस रोमांचक मुकाबले की सबसे बड़ी चर्चा बन गया।