आईपीएल 2026 खत्म हो चुका है, लेकिन जिस खिलाड़ी की सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है, वह राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी हैं। सिर्फ 15 साल की उम्र में वैभव ने ऐसा प्रदर्शन किया कि बड़े-बड़े दिग्गज भी पीछे छूट गए। भले ही राजस्थान रॉयल्स फाइनल तक नहीं पहुंच सकी, लेकिन वैभव ने अपने बल्ले से पूरे टूर्नामेंट में धमाल मचाकर खुद को सीजन का सबसे बड़ा सितारा साबित कर दिया।
दबाव में खेलना सीखा
सीजन खत्म होने के बाद वैभव ने कहा कि इस आईपीएल ने उन्हें सिर्फ रन बनाना नहीं सिखाया, बल्कि दबाव वाले मुकाबलों में खुद को संभालना भी सिखाया। उन्होंने बताया कि हर मैच एक जैसी सोच के साथ नहीं खेला जा सकता। हालात के हिसाब से खेल बदलना पड़ता है और टीम की जरूरत को समझना जरूरी होता है। वैभव ने माना कि प्लेऑफ मुकाबलों से उन्हें सबसे ज्यादा सीख मिली।
रनों और छक्कों का तूफान
वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में 16 पारियों में 776 रन बनाए। उनका औसत 48.50 और स्ट्राइक रेट 237.30 रहा। पूरे सीजन में उनके बल्ले से 1 शतक और 5 अर्धशतक निकले। सबसे खास बात यह रही कि उन्होंने 72 छक्के लगाकर एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। इस दौरान उन्होंने कई मैचों में अकेले दम पर राजस्थान को जीत दिलाई।
फिटनेस को बनाया अगला लक्ष्य
शानदार सीजन के बाद भी वैभव खुद को बेहतर बनाने में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि अगर लंबे समय तक क्रिकेट खेलना है तो फिटनेस पर लगातार काम करना होगा। उनका मानना है कि बड़े स्तर पर सफल होने के लिए सिर्फ बल्लेबाजी ही नहीं, बल्कि शरीर को भी मजबूत रखना जरूरी है। यही वजह है कि अब उनका पूरा ध्यान फिटनेस और निरंतर सुधार पर रहेगा।
राजस्थान परिवार का जताया आभार
वैभव ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि टीम का हर सदस्य उनका समर्थन करता है और सीनियर खिलाड़ियों से उन्हें लगातार सीखने का मौका मिलता है। उनके मुताबिक टीम का माहौल बेहद सकारात्मक है, जिसने उनके प्रदर्शन में बड़ी भूमिका निभाई।
इसे भी पढ़ें : Vinesh का सपना टूटा, एशियन गेम्स से पहले बड़ा झटका, सेमीफाइनल हारकर हुईं बाहर
एक सीजन में जीते कई बड़े अवॉर्ड
आईपीएल 2026 में वैभव सूर्यवंशी ने अवॉर्ड्स की झड़ी लगा दी। उन्हें उभरते खिलाड़ी का पुरस्कार मिला। सबसे तेज बल्लेबाजी के लिए सुपर स्ट्राइकर का सम्मान मिला। सबसे ज्यादा 72 छक्के लगाने पर सुपर सिक्स अवॉर्ड भी मिला। इसके अलावा ऑरेंज कैप और सबसे मूल्यवान खिलाड़ी का सम्मान भी उनके नाम रहा। 15 साल की उम्र में इतने बड़े सम्मान जीतकर वैभव ने साफ कर दिया कि भारतीय क्रिकेट को एक नया सुपरस्टार मिल चुका है।