Vaibhav Suryavanshi Bowling : दलीप ट्रॉफी में 15 साल के वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर चर्चा में हैं। विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए पहचाने जाने वाले इस युवा खिलाड़ी ने इस बार गेंद से कमाल दिखाया। ईस्ट जोन और नॉर्थ ईस्ट जोन के मुकाबले में वैभव का बल्ला ज्यादा नहीं चला, लेकिन उनकी फिरकी ने मैच का रुख बदल दिया। ईस्ट जोन ने यह मुकाबला पारी और 210 रन से जीतकर सेमीफाइनल में जगह बना ली।
कप्तान ने रिस्क समझकर थमाई गेंद
मुकाबले के दौरान नॉर्थ ईस्ट जोन के बल्लेबाज आसानी से रन बना रहे थे और विकेट नहीं गिर रहे थे। ऐसे में कप्तान ईशान किशन ने वैभव सूर्यवंशी को गेंदबाजी की जिम्मेदारी दी। बाद में खुद वैभव ने खुलासा किया कि ईशान किशन को लगा था कि उन्हें गेंद देना एक जोखिम भरा फैसला है। लेकिन युवा खिलाड़ी ने कप्तान की उम्मीदों से कहीं बेहतर प्रदर्शन किया।
3 ओवर में बदल दिया मैच
वैभव ने सिर्फ 3 ओवर गेंदबाजी की और 11 रन देकर 2 अहम विकेट झटक लिए। उनकी गेंदबाजी ने नॉर्थ ईस्ट जोन की पारी को बड़ा झटका दिया। एक समय टीम का स्कोर 75/5 था, लेकिन वैभव के दो विकेटों के बाद स्कोर 79/7 हो गया। उन्होंने किशन लिंगदोह और इमलीवती लेमतुर को आउट कर विपक्षी टीम की वापसी की उम्मीद खत्म कर दी।
ईशान भैया को नहीं पता था...
मैच के बाद बीसीसीआई डोमेस्टिक के साझा किए गए वीडियो में वैभव ने मजेदार अंदाज में कहा कि ईशान भैया को यह नहीं पता था कि वह विकेट लेने वाले गेंदबाज भी हैं। उन्होंने कहा कि विरोधी टीम के विकेट नहीं गिर रहे थे, इसलिए उन्हें 2-3 ओवर फेंकने को कहा गया। वैभव के मुताबिक, उन्हें पता था कि ज्यादा ओवर नहीं मिलेंगे, इसलिए उन्होंने सिर्फ सही लाइन और लेंथ पर ध्यान दिया और टीम के लिए योगदान देने की कोशिश की।
बल्ले से रहे शांत
इस मुकाबले में वैभव बल्लेबाजी में ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ सके। उन्होंने सिर्फ 6 गेंदों पर 8 रन बनाए। हालांकि गेंदबाजी में उन्होंने इसकी भरपाई कर दी। युवा खिलाड़ी ने कहा कि पिछले मैच में बल्ले से कुछ खास नहीं कर पाए थे, इसलिए गेंद से टीम के लिए योगदान देकर उन्हें काफी खुशी मिली।
इसे भी पढ़ें : अनाया का पलटवार, महिला क्रिकेट में वापसी पर उठे सवालों का दिया सीधा जवाब
अब सेमीफाइनल पर नजर
ईस्ट जोन ने पहली पारी में 467 रन बनाए थे, जिसके जवाब में नॉर्थ ईस्ट जोन की टीम 111 रन पर सिमट गई। फॉलोऑन के बाद भी टीम संघर्ष नहीं कर सकी और मुकाबला बड़े अंतर से हार गई। अब वैभव सूर्यवंशी की नजर सेमीफाइनल पर है, जहां ईस्ट जोन का सामना सेंट्रल जोन से होगा। क्रिकेट प्रेमियों की नजरें एक बार फिर इस युवा खिलाड़ी पर रहेंगी, जो हर मैच में कुछ नया कर दिखाने की कोशिश कर रहा है।